छत्तीसगढ़

बागियों को टिकट देने पर बवाल कांग्रेस दफ्तर में तोड़फोड़:दिग्विजय के फोटो पर जूते मारे, गोबर पोता; कमलनाथ के बंगले के बाहर लगाई पंगत बाहर बैठकर खाना खाया

By Dinesh chourasiya

टिकट बंटवारे से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने PCC दफ्तर में प्रदर्शन किया। वहीं कई कार्यकर्ताओं ने कमलनाथ के बंगले के बाहर पंगत लगाकर खाना खाया। - Dainik Bhaskar

मध्यप्रदेश कांग्रेस में टिकट बंटवारे के बाद कई सीटों पर प्रत्याशियों का विरोध हो रहा है। नाराज कार्यकर्ता भोपाल पहुंचकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार को शाजापुर जिले के शुजालपुर, निवाड़ी, दतिया जिले की सेवढ़ा और मंदसौर की मल्हारगढ़ सीट के कैंडिडेट्स के खिलाफ असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने पीसीसी दफ्तर के सामने नारेबाजी की। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके विधायक बेटे जयवर्धन सिंह का पुतला जलाया। इतना ही नहीं दिग्विजय सिंह की फोटो को जूते मारे और गोबर भी पोता। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ भी की।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष दामोदर सिंह यादव ने अपने समर्थकों के साथ विरोध जताया। दिग्विजय पर ओबीसी का हक मारकर अपने रिश्तेदारों को टिकट देने का आरोप लगाया। दामोदर ने इस्तीफा देकर प्रदेश की 16 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है।

दतिया जिले की सेवढ़ा विधानसभा सीट से घोषित प्रत्याशी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने भोपाल में दिग्विजय और जयवर्द्धन का पुतला जलाया।

कमलनाथ के बंगले के बाहर पंगत लगाकर खाया खाना

सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के बंगले पर भी पहुंच गए। यहां जमकर नारेबाजी की। साथ ही दोपहर में बंगले के बाहर ही पंगत लगाकर खाना भी खाया। ये कार्यकर्ता शुजालपुर विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे हैं। इनकी मांग है कि टिकट बदला जाए।

खातेगांव में दीपक जोशी की कार के कांच फोड़े

देवास जिले की खातेगांव सीट पर कांग्रेस से टिकट मिलने के बाद दीपक जोशी शनिवार को खातेगांव पहुंचे थे। वे नेमावर में मां नर्मदा और भगवान सिद्धनाथ के दर्शन करने वाले थे, इससे पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोक लिया और काले झंडे दिखाए। उनके खिलाफ नारेबाजी की और उनकी कार के कांच तक फोड़ दिए। जोशी के गार्ड कार्यकर्ताओं की भीड़ में फंस गए। उनके साथ भी धक्कामुक्की भी हुई।

हंगामे के बीच जोशी गाड़ी से उतरकर कुछ देर रुके और फिर साथियों के साथ नेमावर निकल गए। हालांकि, हंगामा करने वाले कार्यकर्ताओं का कहना है कि जोशी के गार्ड ने पहले गाली-गलौज की। उसके बाद कार्यकर्ताओं ने अपना गुस्सा जाहिर किया, जिसमें गाड़ी के कांच फूट गए।

जोशी ने कहा – बड़े परिवार में सामूहिक द्वंद्व होते हैं

विरोध पर दीपक जोशी ने ट्वीट कर कहा, ‘मेरे दिल में सभी साथियों के लिए प्रेम है। मेरी मुस्कान इस बात का प्रतीक है। जब परिवार बड़ा होता है तो सामूहिक सुख और सामूहिक द्वंद्व दोनों होते हैं। एक साधारण व्यक्ति हूं। विरासत में ईमानदारी मिली है। आपका प्रेम और आपका गुस्सा दोनों स्वीकार हैं। साथियों, जल्द ही कांच भी जोड़ेंगे और दिल भी, इस दमनकारी सरकार को मध्यप्रदेश से उखाड़ फेंकेगे।

​​​​​​शाजापुर के कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष को कैंडिडेट बनाने पर अड़े

शुजालपुर प्रत्याशी रामवीर सिंह सिकरवार का विरोध कर रहे कार्यकर्ता 100 से अधिक गाड़ियों से भोपाल पहुंचे। वे शाजापुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष योगेंद्र सिंह बंटी को टिकट देने की मांग कर रहे हैं। इससे पहले शुक्रवार सुबह बंटी के समर्थकों ने शुजालपुर में रामवीर का पुतला जलाया। उन्होंने ‘शराब ठेकेदार नहीं चलेगा’ के नारे भी लगाए। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हीरेन्द्र सिंह यादव ने कहा, ‘हाईकमान के सभी नेता 7 करोड़ में बिक गए। शराब ठेकेदार को टिकट देने का परिणाम चुनाव में भुगतना पड़ेगा।’

शुजालपुर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार सुबह कमलनाथ के बंगले बाहर नारेबाजी की।

निवाड़ी के कार्यकर्ता बोले- टिकट नहीं बदला तो कांग्रेस हारेगी

निवाड़ी जिले से आए कार्यकर्ताओं ने भी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। जिले के कांग्रेस मीडिया प्रभारी भूपेंद्र द्विवेदी ने कहा, ‘निवाड़ी से रजनीश पटेरिया प्रबल दावेदार थे, उनको टिकट मिलना चाहिए। कमलनाथ जी ने आश्वासन भी दिया था लेकिन, गुरुवार रात कांग्रेस की लिस्ट आई, उसमें भाजपा से आए अमित राय को टिकट दे दिया गया। पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। टिकट नहीं बदला तो कांग्रेस बुरी तरह हारेगी।’

मंदसौर : कहा- बीजेपी से आए गद्दारों को टिकट दिया

मल्हारगढ़ विधानसभा से आए कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने नारेबाजी की। मंदसौर जिला कांग्रेस महामंत्री अशोक खींची ने कहा, ‘गद्दार सिंधिया समर्थक परशुराम सिसोदिया को टिकट दे दिया गया। मल्हारगढ़ में अशोक खींची सालों से इस सीट पर काम कर रहे हैं। उन्हें टिकट मिलना था, लेकिन जो बीजेपी से कांग्रेस में आ रहे हैं उन्हें टिकट मिल रहा है। अगर मल्हारगढ़ से प्रत्याशी नहीं बदला गया तो निश्चित ही यहां कांग्रेस की हार होगी।’

Related Articles

Back to top button