CRPF पर हमला करने वाले 2 आतंकियों का एनकाउंटर, मौत:इनमें एक लश्कर कमांडर; 5 दिन पहले कुलगाम में जवानों पर 30 राउंड फायर किए थे
By Dinesh chourasiya
CRPF पोस्ट पर तैनात जवानों पर 30 राउंड फायर करने वाले आतंकी और उसके साथी को सेना ने मार गिराया है।







सोमवार को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के लारू में सेना और पुलिस ने एनकाउंटर किया। मरने वाला आतंकी लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का एकमात्र जीवित बचा कमांडर लतीफ भट था।
सेना के एक अधिकारी के मुताबिक, आतंकियों की जानकारी मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की जॉइंट टीम ने इलाके में घेराबंदी की थी।




तलाशी के दौरान संदिग्ध ठिकाने के पास पहुंचते ही छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।
5 दिन पहले हुआ था हमला, 15 सेकेंड में 30 राउंड फायर हुए थे
11 नवंबर को नौपोरा अखरान में आतंकियों के हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे। इसके बाद से सुरक्षाबल हमलावरों की तलाश में बड़ा अभियान चला रहे हैं।
आतंकी हमले का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है। इसमें हमलावर 15 सेकेंड के अंदर करीब 30 राउंड फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
घायल जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो और राकेश दास के तौर पर हुई है। तीनों CRPF की 46वीं बटालियन में तैनात हैं।
6 महीने में चौथा कमांडर मारा गया
पिछले 6 महीने में जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के 4 कमांडर मारे गए। इनमें लतीफ के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी शामिल हैं।
जाकिर अहमद गनई 8 जुलाई 2026 को शोपियां में मारा गया, जबकि यासिर 4 सितंबर को ऑपरेशन असधर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी 30 सितंबर को बडगाम में ऑपरेशन शेरुवाली के दौरान मारा गया।





