भिलाई के नेहरू नगर मुख्य मार्ग पर लगेगी बिरसा मुंडा की प्रतिमा:भिलाई नगर निगम की MIC ने दी मंजूरी, विधायक रिकेश ने रखा था प्रस्ताव
By Dinesh chourasiya

भिलाई के नेहरू नगर मुख्य मार्ग पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की ओर से नगर निगम में रखे गए प्रस्ताव को महापौर परिषद की बैठक में मंजूरी मिल गई है। 13 नवंबर को हुई बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी। अब जल्द ही मुख्य मार्ग पर प्रतिमा लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी।







विधायक रिकेश सेन ने भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के आह्वान पर यह प्रस्ताव नगर निगम के सामने रखा था। इसका उद्देश्य आदिवासी समाज के महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देना है। एमआईसी की सहमति मिलने के बाद प्रतिमा स्थापना का रास्ता साफ हो गया है।
वैशाली नगर विधायक रिकेश ने कहा कि देश के 240 आदिवासी बहुल जिलों और 568 विधानसभा क्षेत्रों में 1000 से अधिक कार्यक्रम रखे गए हैं। इनमें आदिवासी समाज के सम्मान में सभाएं, रैलियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं, स्वास्थ्य शिविर और सफाई अभियान शामिल हैं। इसके साथ ही आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को भी सम्मानित किया जा रहा है।




प्रतिमा से युवाओं को मिलेगी प्रेरणा
विधायक रिकेश सेन ने कहा कि नेहरू नगर मुख्य मार्ग पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा लगाना भिलाई के लिए गर्व की बात है। इससे आदिवासी समाज के योगदान को सम्मान मिलेगा। साथ ही शहर के युवाओं और विद्यार्थियों को उनके बारे में जानने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग पर प्रतिमा स्थापित होने से रोजाना वहां से गुजरने वाले लोग भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद कर सकेंगे। यह पहल नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, पहचान और अधिकारों के प्रति जागरूक करने में भी मददगार होगी।




