Uncategorized

भिलाई में छठ की तैयारी तेज,घाटों पर गोताखोर तैनात रहेंगे:घाटों पर तैनात रहेगी पुलिस, आज खरना, कल डूबते सूर्य को देंगे अर्घ्य

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के भिलाई में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ पर्व की शुरुआत हो चुकी है। आज 14 नवंबर को खरना किया जाएगा। इसके बाद व्रती करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत रखेंगे।

15 नवंबर की शाम डूबते सूर्य और 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा-सुविधाओं की तैयारी शुरू कर दी है।

कलेक्टर ने निरीक्षण कर प्रशासन को दिए जरूरी निर्देश।

कलेक्टर ने सेक्टर-2 और सेक्टर-7 के घाटों का किया निरीक्षण

दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों, निगम अधिकारियों और स्थानीय छठ पूजा समितियों के साथ भिलाई टाउनशिप के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान सेक्टर-2 स्थित छठ तालाब और सेक्टर-7 तालाब की व्यवस्थाएं देखी गईं।

अधिकारियों ने घाटों की सफाई, सीढ़ियों की मरम्मत, पहुंच मार्ग और रोशनी की व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी काम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।

गहरे पानी में बैरिकेडिंग, गोताखोर रहेंगे तैनात

छठ पूजा के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। कलेक्टर ने घाटों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके।

स्वास्थ्य विभाग को जरूरी चिकित्सा सुविधाएं रखने के लिए कहा गया है। घाटों के आसपास एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन भी तैनात रहेंगे। साफ-सफाई, रोशनी और श्रद्धालुओं के आने-जाने की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

भीड़ और ट्रैफिक संभालने पुलिस बल रहेगा तैनात

संध्या अर्घ्य और सुबह के अर्घ्य के दौरान घाटों पर सबसे ज्यादा भीड़ रहने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस विभाग ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारी की है। घाटों और आसपास के इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस की प्राथमिकता भीड़ को नियंत्रित करने के साथ वाहनों की आवाजाही सुचारू बनाए रखना है।

आज खरना, कल डूबते सूर्य को देंगे अर्घ्य

छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना किया जाएगा। व्रती दिनभर उपवास रखेंगे और शाम को गुड़ की खीर व रोटी का प्रसाद तैयार करेंगे। पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण कर करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करेंगे।

रविवार 15 नवंबर को शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद सोमवार 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती पारण करेंगे। भिलाई के सेक्टर-2 और सेक्टर-7 के अलावा दुर्ग-भिलाई, रिसाली और आसपास के इलाकों में भी घाटों की सफाई और पूजा की तैयारियां चल रही हैं।

Related Articles

Back to top button