Uncategorized

CG में 1.74 करोड़ का सोना चुराकर जंगल में छिपा पूरा परिवार:ड्रोन-थर्मल कैमरे से आरोपियों तक पहुँची पुलिस  पुलिस ने 5 को पकड़ा, नाबालिग लड़की भी शामिल

By Dinesh chourasiya

1.74-करोड़ गोल्ड चोरी कर जंगल में छिपा था परिवार ड्रोन-थर्मल कैमरे से खोजा; पुलिस ने 5 को पकड़ा, नाबालिग लड़की भी शामिल

पुलिस ने 3 महिला समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 765.7 ग्राम सोने के जेवर जब्त किए हैं।

त्योहार की भीड़ का उठाया फायदा

पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में त्योहार के कारण ग्राहकों की भीड़ थी। इसी दौरान महिलाओं और बच्चों का एक समूह दुकान पहुंचा।

महिलाओं ने आभूषण देखने के बहाने दुकानदार का ध्यान भटकाया। इसी बीच एक महिला ने दराज में रखा सोने के आभूषणों से भरा प्लास्टिक का बॉक्स निकालकर एक नाबालिग लड़की को दे दिया।

इसके बाद पूरा ग्रुप दुकान से निकल गया। शाम करीब 7:30 बजे दुकानदार को सोने के टॉप्स वाला बॉक्स नहीं मिला। इसके बाद दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी गई।

फुटेज में महिलाओं और बच्चों के समूह की गतिविधियां सामने आईं। दुकानदार की शिकायत पर कोतवाली थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

स्कॉर्पियो के जरिए गिरोह तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज और तस्वीरों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। साइबर सेल की मदद और मुखबिर से मिली सूचना पर सफेद रंग की स्कॉर्पियो (CG 17 C 3511) की पहचान की गई।

वाहन मालिक से पूछताछ में पता चला कि उसने स्कॉर्पियो दुआ मोटर्स में बेची थी। वहां जानकारी जुटाने पर पता चला कि यह वाहन मासों कश्यप निवासी पथरीली उड़वा, कोड़ेनार ने खरीदा था।

इसके बाद सीएसपी अंशिका जैन ने 4 स्पेशल टीमें बनाई। पुलिस टीमों ने कोड़ेनार क्षेत्र के पथरीली उड़वा गांव में दबिश दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही संदिग्ध चोरी का सामान लेकर जंगल की ओर भाग गए थे।

जंगल में ड्रोन और थर्मल कैमरे से तलाश

आरोपियों के जंगल में छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने रात में इलाके की घेराबंदी की। घना जंगल और बड़ी घास होने के कारण उनकी तलाश में परेशानी हुई।

इसके बाद थर्मल कैमरे और ड्रोन की मदद से संभावित ठिकानों पर नजर रखी गई। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पैदल गश्त कर आरोपियों की तलाश की।

इस दौरान पुलिस ने संदिग्धों को अलग-अलग जगहों से पकड़ा और पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद किए गए।

महिलाएं-बच्चे चोरी करते, पुरुष खपाते थे माल

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के पुरुष सदस्य पहले दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद महिलाओं और बच्चों को समूह में भीड़भाड़ वाली दुकानों में भेजा जाता था।

वे दुकानदार का ध्यान भटकाकर आभूषण चोरी करते थे। चोरी के सामान को छिपाने और बेचने की जिम्मेदारी पुरुष सदस्यों की होती थी।

5 आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में फूलों कश्यप, मासों कश्यप, पसली माड़वी, शंकर माड़वी और परमेश कश्यप को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं।

वहीं, एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया है। गिरोह के तीन अन्य आरोपी मासो कश्यप, बूदरू कश्यप और चिंटू मंडावी अभी फरार हैं। जिनकी तलाश में टीम जुटी हुई है।

……………………..

Related Articles

Back to top button