CG में पटाखा मुंह में चबाने से 2 साल के बच्चे की मौत:मुंह में फटा पटाखा, मसूड़े से बहता रहा खून; इलाज के दौरान दम तोड़ा
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के सरगुजा में दिवाली पर 2 साल के आदित्य ने खेलते समय लहसुन (पॉप-पॉप) पटाखा मुंह में रखकर चबा लिया। पटाखा अंदर ही फटने से उसके मसूड़े में चोट लगी और खून बहने लगा।







परिजन उसे पहले सीतापुर अस्पताल ले गए, फिर अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने खून भी चढ़ाया, लेकिन ब्लीडिंग नहीं रुकी।
गुरुवार सुबह इलाज के दौरान आदित्य की मौत हो गई। डॉक्टरों ने ज्यादा खून बहने को मौत की वजह बताया है। घटना सीतापुर थाना क्षेत्र का है।






दीपावली पर बच्चों के लिए लाए थे पटाखे
जानकारी के मुताबिक, इंद्रजीत मांझी बनेया गांव के रहने वाला है और पेशे से किसान है। वह दिवाली पर घर के बच्चों के लिए लहसुन पटाखे लेकर आया था।
यह पटाखा जमीन पर पटकने से फूटता है। दिवाली पर बच्चे पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान इंद्रजीत का बेटा आदित्य पटाखे के एक पैकेट से खेल रहा था।
मुंह में रखते ही फट गया पटाखा
आदित्य की मां गायत्री ने बताया कि खेलते समय आदित्य ने पटाखा मुंह में रख लिया और उसे चबा गया। इसके बाद पटाखा मुंह के अंदर ही फट गया। इससे उसके मसूड़े में चोट लगी और खून निकलने लगा।
पहले सीतापुर, फिर अंबिकापुर ले गए परिजन
परिजन आदित्य को लेकर सीतापुर अस्पताल पहुंचे। वहां इलाज के बाद वे उसे घर ले गए। कुछ देर बाद दोबारा मुंह से खून निकलने लगा। इसके बाद परिजन उसे फिर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया।
खून चढ़ाने के बाद भी नहीं बची जान
परिजनों ने आदित्य को मिशन अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसे खून भी चढ़ाया, लेकिन मुंह से लगातार खून बहता रहा।
डॉक्टरों के मुताबिक, पटाखे से निकले पत्थर के कारण मसूड़े में चोट लगी थी। लगातार खून बहने से बच्चे की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे से परिवार में मातम पसरा है।
……………….





