रायपुर जेल से हथकड़ी में ED कोर्ट पहुंचा सौरभ चंद्राकर कोर्ट के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा, एजेंसी ने कस्टोडियल रिमांड मांगी
By Dinesh chourasiya

महादेव ऐप केस के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को शुक्रवार को ED की PMLA स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस हथकड़ी लगाकर उसे रायपुर जेल से कोर्ट लेकर पहुंची।







सौरभ की पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। ED ने उसे कस्टोडियल रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में आवेदन लगाया है। एजेंसी उससे पूछताछ करना चाहती है।
दरअसल, जेल में बंद सौरभ को प्रोडक्शन वारंट पर कोर्ट में पेश किया गया। CBI कोर्ट से आवेदन खारिज होने के बाद ED ने PMLA स्पेशल कोर्ट में अर्जी लगाई थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया था। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस उसे जेल से ED कोर्ट लेकर पहुंची।




बता दें कि 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड खत्म होने के बाद गुरुवार को सौरभ को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया था। CBI ने दोबारा कस्टडी नहीं मांगी और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की मांग की। कोर्ट ने सौरभ को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।
गुरुवार को CBI अधिकारियों और पुलिस की टीम हाई सिक्योरिटी के बीच उसे कोर्ट लेकर पहुंची थी। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद सौरभ को जेल भेज दिया गया। इस दौरान वह झोला उठाकर जेल के अंदर जाता दिखाई दिया।


8 दिन की पूछताछ में इन पहलुओं पर जांच
इससे पहले CBI ने सौरभ से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ की।
जांच एजेंसी को यह पता लगाना है कि सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका थी। CBI ने कोर्ट में रिमांड के दौरान इन पहलुओं पर पूछताछ की जरूरत बताई थी।

2022 में दर्ज हुई थी पहली FIR
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में पहली FIR दर्ज हुई थी। इसके बाद ED ने 6 अक्टूबर 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की।
मामले में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को मुख्य आरोपियों के तौर पर चिन्हित किया गया। CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया था।
जांच में ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, बैंक खातों और हवाला के जरिए रकम के लेनदेन की पड़ताल की जा रही है।
महादेव सट्टा ऐप की CBI कर रही जांच
बता दें कि महादेव सट्टा ऐप से जुड़े मामलों की जांच CBI कर रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस मामले से जुड़ी 13 FIR जांच के लिए CBI को सौंपी थीं।
इनमें से 2 मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। इसके अलावा ED भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है और सौरभ के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुकी है।




