दुर्ग के उतई में बिस्तर पर खून से लथपथ मिला युवक का शव:आंख और सिर पर धारदार हथियार से चोट के निशान जांच में जुटी पुलिस
By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के अतंर्गत हत्या मामला सामने आया है। 40 वर्षीय धर्मेंद पाल का शव घर के अंदर उसके ही कमरे में बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में मिला। उसके चेहरे और आंख पर गंभीर चोट के निशान थे। एक आंख की पुतली नीचे धंसी हुई थी, जबकि कान की तरफ से भी खून निकल रहा था।







परिस्थितियों को देखकर पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। युवक पर किसी धारदार और वजनदार वस्तु से हमला किया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस मामले में पुलिस मृतक की बहन को पूछताछ के लिए थाने लेकर आई है।
मृतक की पहचान धर्मेंद्र पाल (करीब 40 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने पहले सरपंच को फोन कर मामले की जानकारी दी। इसके बाद सरपंच ने उतई थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। बताया गया कि धर्मेंद्र कमरे में खून से लथपथ हालत में पड़ा है। इसके बाद सरपंच गांव के दो अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मृतक के चाचा समेत करीब छह-सात लोग मौजूद थे।
कमरे में जाकर देखा तो धर्मेंद्र के चेहरे और कान के पास से खून निकल रहा था। जमीन पर भी खून फैला हुआ था। लोगों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन उसकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद सरपंच ने गांव के कोटवार और उतई थाना प्रभारी को फोन कर सूचना दी। पुलिस करीब 11 बजे गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।




बहन और पत्नी से पारिवारिक विवाद की बात आई सामने जानकारी के मुताबिक मृतक की बहन पिछले चार से पांच साल से मायके में रह रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उसका पति छत्तीसगढ़ पुलिस में पदस्थ है और मानपुर-मोहला क्षेत्र में उसकी पोस्टिंग बताई गई है। पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते वह मायके में रह रही थी। धर्मेंद्र का अपनी बहन के साथ भी बीच-बीच में विवाद होता रहता था।
वहीं, मृतक की पत्नी भी करीब एक साल से मायके में रह रही थी। धर्मेंद्र शराब का सेवन करता था, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। मृतक की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब आठ और दस साल बताई गई है।
रोजाना मजदूरी कर चलाता था परिवार धर्मेंद्र पाल का कोई स्थायी रोजगार नहीं था। वह कभी सीमेंट प्लांट में काम करता था तो कभी दैनिक मजदूरी करता था। घटना के समय घर में मृतक की बहन, उसके दो छोटे बच्चे और मां मौजूद थे। परिजनों के अनुसार घटनास्थल के आसपास उन्हें कोई पत्थर या हमले में इस्तेमाल की गई वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है और मृतक की बहन को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।




