Uncategorized

दुर्ग भिलाई के 49 तालाबों पर होगी छठ पूजा:शाम को डूबते सूर्य को देंगे अर्घ्य, 497 पुलिसकर्मी तैनात, 34 जगहों पर ट्रैफिक व्यवस्था

By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले में आज छठ पूजा बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। आज शाम को डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देने श्रद्धालु बड़ी संख्या में तालाबों में पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने और शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के 49 तालाबों और छठ घाटों पर कुल 497 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें 443 पुलिसकर्मी और 54 यातायात पुलिसकर्मी शामिल हैं।

पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को संभालने के लिए सभी घाटों पर अलग-अलग इंतजाम किए हैं। तालाबों और घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है, ताकि सुबह और शाम के समय अंधेरे के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। वहीं, जलाशयों में किसी तरह की अनहोनी होने पर तुरंत मदद पहुंचाने के लिए गोताखोरों की व्यवस्था भी की गई है।

यातायात संभालने के लिए 34 जगहों पर विशेष व्यवस्था

छठ पूजा के दौरान घाटों के आसपास भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए यातायात पुलिस ने भी अलग से व्यवस्था की है। जिले में 34 जगहों पर विशेष यातायात पॉइंट बनाए गए हैं। यहां यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी, जो वाहनों की आवाजाही को संभालेंगे और जाम की स्थिति बनने से रोकेंगे।

इसके अलावा सभी संबंधित थानों की गश्ती टीमें अपने-अपने इलाकों में लगातार भ्रमण करेंगी। पुलिस की टीमें घाटों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी। किसी भी तरह की परेशानी या कानून व्यवस्था से जुड़ी स्थिति सामने आने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

सभी विभागों के साथ मिलकर किए इंतजाम

पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों के साथ भी तालमेल बनाया है। घाटों पर रोशनी, जलाशयों में सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और परिवारों के घाटों पर पहुंचने को देखते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

एएसपी ने कहा- सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है

एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल ने कहा कि, जिले में करीब 50 तालाबों में छठ पूजा आयोजित हो रही है। ऐसे में दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ को संभालने और यातायात सुचारू रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर तैनात पुलिस बल के साथ गश्ती टीमें भी लगातार निगरानी रखेंगी। सहायता के लिए केंद्र भी बनाए गए हैं

Related Articles

Back to top button