भिलाई के हिमालय कॉम्प्लेक्स में आईफोन खरीदने के बाद वॉशरूम में युवक ने लगाई फांसी:कॉम्प्लेक्स में फंदे पर लटका मिल युवक का शव,
By Dinesh chourasiya

भिलाई के आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स में शनिवार शाम 20 साल के एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक कुछ देर पहले ही कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान से किस्तों पर आईफोन खरीदकर निकला था।







इसके बाद वह बेसमेंट में बने सार्वजनिक शौचालय में गया और वहां खिड़की से गमछा बांधकर फांसी लगा ली। घटना शाम करीब 4:30 बजे की है।
सूचना मिलने पर सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। मृतक की पहचान निहाल सिंह (20) के रूप में हुई है।




जानकारी के मुताबिक, निहाल शनिवार को आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान पर पहुंचा था। यहां उसने किस्तों पर आईफोन खरीदने की प्रक्रिया पूरी की।
दुकान संचालक के मुताबिक, मोबाइल खरीदने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निहाल के पास किसी का फोन आया था। फोन पर बात करने के बाद वह कुछ परेशान दिखा और दुकान से नीचे चला गया।
कुछ देर बाद कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में बने सार्वजनिक शौचालय में उसके फांसी लगाने की जानकारी मिली। निहाल ने टॉयलेट की खिड़की से गमछा बांधकर फंदा बनाया था। घटना का पता चलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सुपेला पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है।
आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस
फिलहाल युवक के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मोबाइल दुकान संचालक के मुताबिक आईफोन खरीदने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसके पास फोन आया था, जिसमें वो सोशल मीडिया से रिलेटेड किसी से बात कर रहा था। हालांकि आत्महत्या की सही वजह क्या है अब तक अज्ञात है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और जांच में जुट गई है।




