Uncategorized

दुर्ग के 123 केंद्रों पर धान-खरीदी शुरू 21 नए केंद्र जुड़े; किसान बोले डेढ़ एकड़ रकबा कटने से 33 क्विंटल धान बेचने में परेशानी

By Dinesh chourasiya

 दुर्ग जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई। इस साल जिले के 123 केंद्रों पर किसानों से धान खरीदा जाएगा। पिछले साल के मुकाबले 21 नए केंद्र बनाए गए हैं।

जिला स्तरीय शुरुआत सेवा सहकारी समिति मर्यादित अंडा के धान खरीदी केंद्र में हुई। संभाग कमिश्नर सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर अभिजीत सिंह, दुर्ग ग्रामीण विधायक, जनप्रतिनिधि, समिति पदाधिकारी और किसान मौजूद थे। तौल कांटों और बोरियों की पूजा के बाद खरीदी शुरू की गई।

पहले दिन किसानों ने ऑनलाइन टोकन की तारीख जनवरी में मिलने और पंजीकृत रकबा कम होने की परेशानी बताई। उन्होंने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

जंजगिरी गांव के किसान तुलाराम देशमुख ने बताया कि ऑनलाइन टोकन के लिए कोशिश करने पर उन्हें 21 जनवरी की तारीख मिल रही है। उनके पास इतनी लंबी अवधि तक धान सुरक्षित रखने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इसलिए वे ऑफलाइन टोकन के लिए अंडा खरीदी केंद्र पहुंचे।

देशमुख ने बताया कि उन्होंने केंद्र में अपना नाम दर्ज करा दिया है। टोकन जारी होने के बाद ही उन्हें धान बेचने की तारीख पता चलेगी। उन्होंने कहा कि जनवरी तक इंतजार करना उनके लिए मुश्किल है।

किसान शिवप्रसाद निर्मलकर ने बताया कि उनके पंजीकृत रिकॉर्ड में 67 आर रकबा कम हो गया है। इससे करीब डेढ़ एकड़ जमीन का धान बेचने में परेशानी होगी। उनके मुताबिक, इस रकबे के हिसाब से लगभग 33 क्विंटल धान की बिक्री पर असर पड़ सकता है।

रकबा घटने से 33 क्विंटल धान नहीं बेच पाएगा किसान

उन्होंने बताया कि खेती के लिए उन्होंने कर्ज लिया है। अगर पूरा धान नहीं बिका तो उनके लिए कर्ज चुकाना मुश्किल हो जाएगा। धान नहीं बिकने पर कृषि उन्नति योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता भी नहीं मिल पाएगी। किसान का आरोप है कि खरीदी केंद्र में कंप्यूटर पर बैठे कर्मचारी उन्हें आज-कल आने की बात कहकर लौटा रहे हैं।

किसान ने बताया कि कलेक्टर से शिकायत करने पर संबंधित सोसाइटी को रकबा कम होने से जुड़ी शिकायतों में सुधार कर दो-तीन दिन में मुख्य कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि डेढ़ एकड़ रकबा कम होने से करीब 33 क्विंटल धान नहीं बिक पाएगा। बैंक और साहूकार का कर्ज चुकाने की चिंता के चलते वे आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं।

123 केंद्रों में होगी धान खरीदी, 39 पर विशेष निगरानी

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि जिले में 123 केंद्रों के जरिए धान खरीदी की जाएगी। इनमें 21 नए केंद्र भी शामिल हैं। सभी केंद्रों पर जमीन आवंटन, जगह तय करने और जरूरी सुविधाओं की तैयारी पूरी कर ली गई है। इनमें से 39 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

उन्होंने बताया कि किसान ऑनलाइन टोकन के अलावा समिति में जाकर ऑफलाइन टोकन भी ले सकते हैं। टोकन के आधार पर ही धान बेच सकेंगे। किसानों की पहचान बायोमेट्रिक और आइरिस स्कैन के जरिए की जाएगी। इसके साथ अंगूठे का निशान भी लिया जाएगा। अगर किसान खुद केंद्र नहीं पहुंच सकते तो उनके नॉमिनी या अधिकृत व्यक्ति भी धान बेच सकते हैं।

राइस मिलरों और व्यापारियों के स्टॉक की होगी जांच

कलेक्टर ने बताया कि व्यापारियों और राइस मिलरों के पास रखे धान के स्टॉक का सत्यापन कराया जा रहा है। जांच में तय या पंजीकृत मात्रा से ज्यादा धान मिलने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

संभाग के सातों जिलों में एक साथ शुरू हुई खरीदी

संभाग कमिश्नर सत्यनारायण राठौर ने बताया कि प्रदेश के साथ दुर्ग संभाग के सभी सात जिलों में धान खरीदी शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस बार खरीदी के लिए अच्छी व्यवस्था की है। किसानों को केंद्रों पर किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

इधर, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने अपना 66वां जन्मदिन किसानों और सहकारिता परिवार के बीच मनाया। उन्होंने सुबह 8 बजे तिरगा और 9 बजे निकुम धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ किया। इसके बाद सांसद विजय बघेल के साथ उरला, झीट और सांकरा केंद्रों का शुभारंभ करना था। साथ ही अमलेश्वर में बैंक की नई शाखा के भवन का भूमिपूजन भी किया जाना है।

Related Articles

Back to top button