Uncategorized

भिलाई में आज जनजातीय गौरव दिवस:बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतिभाओं का होगा सम्मान

By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आज (16 नवंबर) जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को सम्मान देना है।

जिला प्रशासन की ओर से आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे महात्मा गांधी कला मंदिर ऑडिटोरियम, सिविक सेंटर भिलाई में होगा।

कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और पाटन विधायक भूपेश बघेल, छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन समेत अन्य जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, प्रतिभाओं का होगा सम्मान

कार्यक्रम में जनजातीय समाज की संस्कृति, लोककला और पारंपरिक विरासत को दिखाने के लिए विशेष आयोजन होंगे। इसमें प्रदर्शनी का अवलोकन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अतिथियों का संबोधन प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

इसके साथ ही जनजातीय समाज के प्रतिभाशाली बच्चों और हितग्राहियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के जरिए समाज की उपलब्धियों, सांस्कृतिक पहचान और विकास में उनके योगदान को सामने लाया जाएगा।

बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को किया जा रहा याद

केंद्र सरकार ने साल 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसी कड़ी में भाजपा की ओर से सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दुर्ग में भाजपा ने पत्रकार वार्ता कर इसकी जानकारी दी थी।

भाजपा नेताओं ने बताया था कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत और आदिवासियों के शोषण के खिलाफ संघर्ष किया था। उनके नेतृत्व में चला उलगुलान आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और आदिवासी अस्मिता के इतिहास में खास स्थान रखता है।

जनजातीय गौरव दिवस मनाने का उद्देश्य बिरसा मुंडा समेत उन आदिवासी नायकों के योगदान को याद करना है, जिन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष किया।

Related Articles

Back to top button