Aradhna news BalodBalodUncategorizedछत्तीसगढ़
Trending

एक लाख से अधिक दीयों से रोशन हुआ बालोद, सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ

अविनाश साहू संवादाता पत्रकार 

बालोद, 17 सितंबर। 2026 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बालोद जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों, शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

जिला मुख्यालय स्थित स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग की मौजूदगी में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों, स्काउट-गाइड्स, एनसीसी कैडेट्स और नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा, समर्पण और जनकल्याण के प्रति सहभागिता दर्ज कराई।

 

आयोजन के दौरान एक लाख से अधिक दीये प्रज्वलित कर भारत के मानचित्र की आकृति प्रदर्शित की गई। सांसद भोजराज नाग ने आयोजन की सफलता के लिए कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, अभियान के नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत सीईओ सुनील कुमार चंद्रवंशी तथा जिला प्रशासन की टीम को बधाई दी।

 

सांसद ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला गैस योजना, स्वच्छ भारत मिशन, कोरोना काल में टीकाकरण तथा रेलवे के आधुनिकीकरण एवं अमृत भारत स्टेशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं से आम नागरिकों को मिली सुविधाओं की जानकारी साझा की।

 

कार्यक्रम में पद्मश्री शमशाद बेगम, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लुनिया, राकेश ‘छोटू’ यादव, पवन साहू, अभिषेक शुक्ला सहित पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, वनमंडलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक एवं नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे।

 

नवचेतना फाउंडेशन कलंगपुर की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। फाउंडेशन ने स्टेडियम परिसर में सेवा संकल्प अभियान की थीम पर आकर्षक रंगोली भी बनाई।

 

आयोजन के माध्यम से जिले में शासकीय योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा सेवा भावना को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।

Related Articles

Back to top button