Aradhna news BalodBalodUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयछत्तीसगढ़
Trending

शिक्षक ही राष्ट्र निर्माता, आधुनिकता के साथ सांस्कृतिक मूल्यों को अपनाएं युवा: भोजराज नाग

 

अविनाश साहू संवादाता पत्रकार 

बालोद, 18 सितंबर। 2026  जिला मुख्यालय के आमापारा स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में शुक्रवार को जिला स्तरीय ‘मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण एवं शिक्षक सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया।

 

सांसद भोजराज नाग ने कहा कि भारतीय परंपरा में गुरु को ईश्वर तुल्य दर्जा दिया गया है। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कारों का विकास कर उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करते हैं।

 

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने की बात कही। सांसद ने आत्मनिर्भर भारत और स्वच्छ भारत अभियान में नागरिकों की सहभागिता पर भी जोर दिया।

 

डिजिटल युग में युवाओं को सही दिशा देने की आवश्यकता पर उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और इंटरनेट पर उपलब्ध भ्रामक जानकारियों के बीच शिक्षकों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने युवाओं को भारतीय संस्कृति और वेद, रामायण एवं महाभारत जैसे ग्रंथों में निहित नैतिक मूल्यों से जोड़ने पर जोर दिया।

 

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, प्रीतम साहू, राकेश ‘छोटू’ यादव और वैभव राखेचा मौजूद रहे। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ सुनील कुमार चंद्रवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे सहित अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

 

इस अवसर पर जिले के दो राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक, दो राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक, तीन ज्ञानदीप पुरस्कार प्राप्त शिक्षक, पांचों विकासखंडों से चयनित 15 शिक्षक दूत और संकुल स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले 173 शिक्षकों को शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button