तूफान मुरासु का असर: रायपुर में तेज बारिश, कोहरा छाया:छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बदला मौसम, 50km की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर दिखने लगा है। मंगलवार शाम रायपुर में तेज बारिश हुई। शहर में आज दिनभर बादल छाए रहे। शाम को धुंध देखने को मिली। मौसम विभाग ने आज (3 नवंबर) प्रदेश के 19 जिलों और 4 नवंबर को 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।







आज प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट है।
‘अर्नब’ तूफान के चार दिन बाद ‘मुरासु’ आंध्र प्रदेश के ओंगोल के पास तट से टकराया। इस दौरान 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।




तूफान के असर से आंध्र प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी दिख रहा है।
रायपुर में बादल छाए रहेंगे, बारिश के आसार
मौसम विषेशज्ञों के मुताबिक, राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।





