Uncategorized

खारुन नदी पर नया फोरलेन पुल टाटीबंध से नेहरू नगर चौक तक यातायात दुरुस्त करने 163.33 करोड़ का प्लान तैयार, केंद्र को भेजा गया प्रस्ताव 

By Dinesh chourasiya

रायपुर के टाटीबंध चौक से नेहरू नगर चौक तक यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एनएच पीडब्ल्यूडी ने नया प्लान तैयार किया है। जिससे 26 किमी दूरी का सफर न केवल आसान हो जाएगा बल्कि सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। इसके लिए एनएच पीडब्ल्यूडी ने 163.33 करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय को भेजा है। मंत्रालय की मंजूरी के बाद योजना पर क्रियान्वयन शुरू होगा।

एनएच 53 में मुंबई से कोलकाता और दक्षिणी राज्यों की ओर चलने वाले भारी वाहनों का प्रेशर रहता है। इस रूट में प्रतिदिन करीब सवा लाख वाहन चलते हैं, जबकि सड़क की क्षमता 33 हजार वाहनों के चलने की है। इतना ही नहीं हर साल हाईवे पर वाहनों का दबाव 5 प्रतिशत के हिसाब से बढ़ रहा है। इसका असर यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा है। रूट में पड़ने वाले चौक खासकर जहां फ्लाई ओवर नहीं बने वहां दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। पीक ऑवर्स खासकर सुबह और शाम को स्थिति और भी गड़बड़ा जाती है। एसे में 26 किमी की दूरी जिसे तय करने में 40-45 मिनट लगना चाहिए सवा से डेढ़ घंटे लगते हैं। इतना ही सड़क नियमित हादसे भी हो रहे हैं।

40 साल पुराना है पुल,रोज हजारों गाड़ियां गुजरती हैं

एनएच 53 में खारुन नदी पर अभी दो पुल हैं। दुर्ग से रायपुर दिशा का पुल 40 साल पुराना है और रायपुर से दुर्ग दिशा का पुल करीब 22 साल पुराना है। दोनों ही पुल पुराने होने के साथ ही कमजोर हो चुके है। 54 करोड़ की लागत से दोनों पुराने पुलों के बीच फोरलेन पुल का निर्माण किया जाएगा। जिसकी लंबाई 200 मीटर और चौड़ाई 9.50-9.50 मीटर होगी।

17 करोड़ से आरसीसी क्रैश बैरियर

टाटीबंध से नेहरू नगर के बीच मेन लेन और सर्विस लेन के बीच 18 किमी तक आरसीसी क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। क्योंकि एनएच के बाकी हिस्से में फ्लाईओवर बने हुए हैं। क्रैश बैरियर से दोपहिया वाहन अलग ही चलेंगे।

सर्विस लेन भी 6 मीटर चौड़ी होगी

35 करोड़ से सर्विस लेन को भी चौड़ा करने की तैयारी है। वर्तमान में सर्विस लेन की चौड़ाई 3 मीटर है। विभाग इसे 6 मीटर करेगा। रूट में कई स्थानों में सर्विस लेन में कब्जा होने की वजह से संकरा हो गया है। विभागीय अफसरों का कहना है कि हाईवे किनारे पर्याप्त जगह है।

40 करोड़ से चंदनडीह दिशा में फ्लाई ओवर

नंदनवन दिशा में चंदनीडीह में 600 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इस फ्लाईओवर का निर्माण इसलिए किया जा रहा है क्योंकि इस एरिया की ओर भारी वाहनों का आवागमन बना रहता है। एेसे में भारी वाहन जब चंदनीडीह की ओर मुड़ते हैं तो एनएच पर वाहनों का जाम लग जाता है। इसकी अनुमानित लागत 40 करोड़ है।

Related Articles

Back to top button