
बालोद की बेटी खिलेश्वरी साहू ने राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक
इंदौर में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप में जयपुर की खिलाड़ी को हराकर हासिल की सफलता
अविनाश साहू संवादाता पत्रकार
बालोद, 17 सितंबर 2026। इंदौर में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप के सीनियर वर्ग में बालोद की खिलाड़ी खिलेश्वरी साहू ने 56 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। उन्होंने जयपुर की खिलाड़ी को हराकर यह उपलब्धि हासिल की।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ से 86 खिलाड़ियों सहित देशभर से सीनियर वर्ग के लगभग 1500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
खिलेश्वरी साहू पिछले चार वर्षों से शहीद वीर नारायण सिंह स्पोर्ट्स अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। इससे पहले उन्होंने 37वें नेशनल गेम्स 2023 (गोवा) में कलरीपयट्टू खेल में भी पदक जीता था। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में यह उनका लगातार तीसरा पदक है।
खिलेश्वरी की सफलता से बालोद जिले की अन्य बेटियों को भी मार्शल आर्ट और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।
बालोद जिला किक बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष एवं समाजसेवी राकेश यादव ने खिलेश्वरी को बधाई दी। अकादमी के संरक्षक एवं अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिला अध्यक्ष नंद किशोर साहू, अध्यक्ष किशोर नाथ योगी, उपाध्यक्ष मनीष ठाकुर तथा सचिव सब इंस्पेक्टर हेमंत मार्गिया ने भी उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
पत्रकार सुरक्षा सेवा समिति छत्तीसगढ़ ने भी खिलेश्वरी साहू की इस उपलब्धि पर बधाई दी। समिति ने उनकी सफलता को बालोद जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।







