RSS-BJP पर टिप्पणी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन:गुरुदयाल बंजारे का पुतला जलाया, FIR के लिए पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम
By Dinesh chourasiya
बेमेतरा जिले के देवरबीजा में कांग्रेस की सभा के दौरान पूर्व विधायक और संसदीय सचिव गुरुदयाल सिंह बंजारे की RSS और भाजपा पर कथित टिप्पणी का विरोध शुरू हो गया है।







शुक्रवार को भाजपा जिला इकाई ने सिग्नल चौक पर उनका पुतला जलाया और नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने पुलिस से बंजारे के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।





पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सौंपा आवेदन
प्रदेश भाजपा नेतृत्व के आह्वान पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बैठक कर विरोध प्रदर्शन की रणनीति बनाई। इसके बाद भाजपा नेता बेमेतरा एसपी कार्यालय पहुंचे और बंजारे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आवेदन सौंपा।
भाजपा नेताओं ने पुलिस को 24 घंटे का समय दिया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
पार्टी ने जिले के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के जरिए विरोध दर्ज कराने और FIR के लिए आवेदन देने की बात कही। नेताओं ने कहा कि बंजारे के सार्वजनिक रूप से माफी मांगने तक प्रदर्शन जारी रहेगा।

सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने का लगाया आरोप
भाजपा जिला प्रभारी हर्षिता पांडेय ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक मंचों से ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
पांडेय ने कहा कि पुलिस को कार्रवाई के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो लगातार प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर जलाया पुतला
भाजपा जिला पंचायत सभापति अंजू बघेल ने कहा कि बंजारे की कथित टिप्पणी के विरोध में पार्टी ने बैठक कर आंदोलन का फैसला लिया है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर पुतला जलाया गया। उन्होंने कहा कि बयान के विरोध में आंदोलन जारी रहेगा




