Uncategorized

भिलाई में मिला कटा हुआ मानव सिर:भिलाई निवास के पीछे सेप्टिक लाइन की सफाई के दौरान स्वीपरों को दिखा, जांच में जुटी पुलिस

By Dinesh chourasiya

भिलाई के सिविक सेंटर स्थित भिलाई निवास के पीछे मंगलवार को एक अज्ञात व्यक्ति का कटा हुआ सिर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सिर बुरी तरह सड़ चुका है, जिससे मृतक की पहचान करना मुश्किल बताया जा रहा है। सिर मिलने की सूचना के बाद भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है।

नाली जाम होने पर सफाई करने पहुंचे थे कर्मचारी जानकारी के मुताबिक बीएससपी के भिलाई निवास के पीछे बीएसपी की सेप्टिक लाइन में पानी जाम होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद बीएसपी के सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंचे थे। कर्मचारी जब जाम लाइन और आसपास की सफाई कर रहे थे, तभी उन्हें एक बोरी में मानव सिर दिखाई दिया।

सिर की हालत काफी खराब थी और वह पूरी तरह सड़ चुका था। अचानक मानव सिर मिलने से सफाई कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी अपने अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

नर कंकाल होने की आशंका, पहचान करना मुश्किल प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरामद सिर नर कंकाल का है। वह काफी समय से वहां पड़ा होने के कारण सड़ चुका है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सिर वहां तक कैसे पहुंचा। आशंका जताई जा रही है कि सिर बहकर सेप्टिक लाइन तक आया होगा, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हत्या या किसी अन्य घटना से जुड़ा हो सकता है मामला मानव सिर मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सिर किसी व्यक्ति की हत्या से जुड़ा है या किसी अन्य परिस्थिति में वहां पहुंचा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस आसपास के क्षेत्र की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। भिलाई नगर पुलिस ने सिर को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है।

फिलहाल मृतक की पहचान और सिर मिलने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच और पोस्टमार्टम से मिलने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button