देवेंद्र यादव ने CM साय से की कर्ज माफी की मांग:मुंगेली में किसानों से मिले देवेंद्र यादव, कहा- अर्नब चक्रवात से बर्बाद फसलों का मुआवजा दे सरकार
By Dinesh chourasiya
अर्नब चक्रवात के कारण हुई भारी बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान के बाद भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा देने और कृषि कर्ज माफ करने की मांग की है। उन्होंने सरकार से प्रभावित इलाकों में फसलों को हुए नुकसान का जल्द सर्वे कराकर किसानों को राहत देने की अपील की है। विधायक ने कहा कि बारिश के कारण किसानों की महीनों की मेहनत बर्बाद हो गई है। ऐसे में सरकार को किसानों की मदद के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।








कटाई के लिए तैयार फसलें बारिश से खराब हुईं विधायक देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि प्रदेश में अर्नब चक्रवात के असर से लगातार भारी बारिश हो रही है। इस समय खेतों में किसानों की फसल कटाई के लिए तैयार खड़ी थी, लेकिन मूसलाधार बारिश और खेतों में पानी भरने से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि किसान पूरे साल मेहनत करके फसल तैयार करते हैं। खेती के लिए खाद, बीज और दूसरी जरूरतों पर काफी पैसा खर्च करना पड़ता है। फसल तैयार होने के समय ही बारिश से नुकसान होने पर किसानों की पूरी कमाई प्रभावित होती है। ऐसे में उनके लिए खेती पर किए गए खर्च की भरपाई करना भी मुश्किल हो सकता है।





सर्वे कराकर जल्द मुआवजा देने की मांग देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल सर्वे के निर्देश दिए जाएं। खेतों में जाकर फसलों को हुए नुकसान का आकलन किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों की पहचान कर उन्हें जल्द मुआवजा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि नुकसान का सही आकलन कर किसानों को उचित राशि दी जानी चाहिए। राहत मिलने में देरी होने से किसानों की परेशानी और बढ़ सकती है। इसलिए सरकार को इस मामले में जल्द फैसला लेना चाहिए।
कृषि कर्ज माफ करने की भी मांग विधायक ने प्रभावित किसानों के कृषि कर्ज माफ करने की मांग भी उठाई है। उन्होंने कहा कि फसल खराब होने से किसानों की आमदनी पर सीधा असर पड़ा है। ऐसी स्थिति में उनके लिए बैंक से लिया गया कर्ज चुकाना और अगली फसल की तैयारी करना मुश्किल होगा। सरकार को किसानों की परेशानी को देखते हुए कृषि कर्ज माफ करने की घोषणा करनी चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
मुंगेली दौरे में खेतों पर रुककर किसानों से की चर्चा देवेंद्र यादव ‘रोड बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम के सिलसिले में मुंगेली जिले के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने खेतों में रुककर किसानों से चर्चा की और बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली।
किसानों ने उन्हें बताया कि लगातार बारिश और खेतों में पानी भरने से फसलें प्रभावित हुई हैं। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाया। उन्होंने प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने की जरूरत बताई है




