बालोद, छत्तीसगढ़, 16 सितंबर 2026: क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाधान जनसेवा बालोद ग्रुप के एडमिन रितेश कुमार और पत्रकार सेवा सुरक्षा समिति के बालोद जिला उपाध्यक्ष अविनाश साहू ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद बालोद को आवेदन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। इस दौरान पत्रकार साथी योगेश जी भी मौजूद रहे।
आवेदन में वार्ड क्रमांक 03 नयापारा से जुड़ी प्रमुख समस्याओं को उठाया गया है। इसमें दिनेश वेल्डिंग दुकान, नयापारा से बघमरा रेलवे फाटक तक स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने की मांग की गई है। आवेदन में कहा गया है कि पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण सुबह, शाम और रात्रि में राहगीरों को परेशानी होती है। साथ ही सड़क किनारे की सफाई कराने की मांग भी की गई है।
इसके अलावा बघमरा-पड़कीभाट-बालोद नयापारा बाईपास तिराहा चौक में करीब दो माह पूर्व लगाए गए नए ट्रांसफॉर्मर का अब तक कनेक्शन नहीं जोड़े जाने का मुद्दा उठाया गया है। आवेदन के अनुसार, पोलों पर तार खींचे जाने के बावजूद कनेक्शन लंबित है, जिसके कारण क्षेत्रवासियों को लो-वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदनकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन से संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर ट्रांसफॉर्मर का कनेक्शन शीघ्र चालू कराने, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने और सड़क किनारे सफाई कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के नागरिक नगर पालिका को नियमित रूप से टैक्स देते हैं, इसलिए उन्हें आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।
आवेदनकर्ताओं ने जनहित से जुड़ी इन समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने की मांग की।