
*मुंगेली में रेडक्रॉस की जनसेवा गतिविधियों को मिलेगी नई गति*
*राज्य चेयरमैन श्री तोमन साहू ने ली जिला समीक्षा बैठक, रक्तदान, अंगदान, स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता अभियानों पर हुई विस्तृत चर्चा*
अविनाश साहू संवादाता पत्रकार
रायपुर, 28 सितंबर 2026।
इंडिया रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन श्री तोमन साहू ने मुंगेली जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जिला शाखा को जनसेवा एवं मानवीय सहायता के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुंगेली में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले में रेडक्रॉस के वर्तमान कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ रक्तदान, नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जनजागरूकता, सदस्यता विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं, नशा उन्मूलन, टीबी एवं एड्स जागरूकता, सड़क सुरक्षा तथा आपदा एवं मानवीय सहायता से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विशेष रूप से रेडक्रॉस ब्लड बैंक के संचालन एवं सुदृढ़ीकरण, जिले में जिला रेडक्रॉस कार्यालय की व्यवस्था, शासकीय भूमि आवंटन की कार्यवाही तथा जिला अंगदान समिति के गठन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही JRC-YRC की गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को मानवीय सेवा से जोड़ने पर जोर दिया गया।
सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता कर जीवन बचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘थैंक यू सर्टिफिकेट’ एवं प्रोत्साहन की व्यवस्था किए जाने के संबंध में भी चर्चा हुई। इसके अलावा ‘सुरक्षा मित्र’ जैसी जनभागीदारी आधारित पहल के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विचार किया गया।
राज्य चेयरमैन श्री तोमन साहू ने कहा कि रेडक्रॉस केवल एक संस्था नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता और मानवीय संवेदना पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिला शाखाओं की सक्रियता और जनसहभागिता के माध्यम से रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, नशा मुक्ति, नेत्रदान एवं अंगदान जैसे अभियानों को गांव-गांव और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने जिले में रेडक्रॉस की गतिविधियों को अधिक संगठित, सक्रिय और जनकेंद्रित बनाने तथा स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के साथ बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक में कलेक्टर एवं अध्यक्ष इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा मुंगेली श्री अमृत विकास टोप्पो, वाइस चेयरमैन रक्तदान उपसमिति श्री बालाराम साहू, राज्य प्रबंध समिति सदस्य श्री गिरीश कुर्रे, जिला चेयरमैन श्री महीपाल सिंह, वाइस चेयरमैन श्री संजीव गौरहा, मुख्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह सचिव इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा मुंगेली श्री केश कुमार गुप्ता तथा जिला संगठन आधिकारिक। श्री मोहन लाल पटेल उपस्थित रहे।
मुंगेली में रेडक्रॉस का संदेश — सेवा, सहयोग और संवेदना के साथ हर जरूरतमंद तक पहुंच
बैठक के माध्यम से जिले में रेडक्रॉस की आगामी गतिविधियों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को मानवीय सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया गया।






