Uncategorized

CG में 18 नवंबर से नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल:10 मेडिकल कॉलेजों में काम बंद करने का ऐलान, ग्रेड पे लागू करने की मांग

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ में नर्सिंग कर्मचारियों ने 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन का कहना है कि, ग्रेड पे के वेतनमान से जुड़ा प्रस्ताव लंबे समय से शासन के स्तर पर लंबित है। अगर दीपावली से पहले प्रस्ताव लागू नहीं किया गया तो प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेजों से जुड़े अस्पतालों का नर्सिंग संवर्ग काम बंद कर आंदोलन में शामिल होगा।

इसमें नियमित, संविदा और डेली वेजेस पर काम करने वाले नर्सिंग कर्मचारी शामिल होंगे। एसोसिएशन ने कहा है कि हड़ताल से पहले सरकार को मांग पूरी करने का समय दिया जा रहा है। इसके बावजूद निर्णय नहीं हुआ तो 18 नवंबर से आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।

आज 3 मेडिकल कॉलेजों में 2 घंटे प्रदर्शन

ग्रेड पे की मांग को लेकर सोमवार को कोरबा, अंबिकापुर और महासमुंद मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पतालों में नर्सिंग कर्मचारियों ने 2 घंटे का सांकेतिक प्रदर्शन किया। मंगलवार को भी 2 घंटे का विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

इससे पहले रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में 9, 10 और 11 सितंबर को नर्सिंग कर्मचारियों ने 2 घंटे का सांकेतिक प्रदर्शन किया था। संगठन का कहना है कि लगातार प्रदर्शन के बावजूद शासन की ओर से मांग को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

अगले सप्ताह तीन और मेडिकल कॉलेजों में प्रदर्शन

एसोसिएशन के मुताबिक आने वाले सप्ताह में जगदलपुर, कांकेर और राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में भी 2 घंटे का सांकेतिक विरोध किया जाएगा। संगठन का दावा है कि राज्यभर के नर्सिंग कर्मचारी एक सूत्रीय मांग को लेकर आंदोलन में एकजुट हो रहे हैं।

50 दिन पहले सरकार को दी जाएगी हड़ताल की सूचना

एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन आंदोलन की पूर्व सूचना देने के लिए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने और स्कूटी रैली निकालने की अनुमति मांगी है। संगठन का कहना है कि 18 नवंबर से प्रस्तावित हड़ताल की सूचना करीब 50 दिन पहले सरकार को दी जा रही है, ताकि मांग पर निर्णय लेने के लिए पर्याप्त समय रहे।

2018 में 18 दिन चला था आंदोलन

नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के मुताबिक वर्ष 2018 में नर्सिंग कर्मचारियों ने 18 दिन तक प्रदेशस्तरीय आंदोलन किया था। इस दौरान दो दिन तक नर्सिंग कर्मचारियों को जेल में भी रखा गया था। संगठन का कहना है कि उस आंदोलन के बाद उनकी मांगों पर शासन स्तर से अनुशंसा हुई थी, लेकिन जून 2021 में उसे अमान्य कर दिया गया।

एसोसिएशन ने पीजी स्टूडेंट्स के स्टाइपेंड में 2019, 2023 और 2026 में बढ़ोतरी के आदेश जारी होने का भी उल्लेख किया है। संगठन का कहना है कि नर्सिंग संवर्ग के ग्रेड पे के प्रस्ताव को भी इसी तरह लागू किया जाना चाहिए।

संगठन बोला- मांग नहीं मानी तो आंदोलन तय

नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन का कहना है कि अस्पतालों में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका महत्वपूर्ण है, लेकिन वेतनमान को लेकर उनकी मांग पर लगातार इंतजार कराया जा रहा है। संगठन ने साफ किया है कि दीपावली से पहले ग्रेड पे का प्रस्ताव लागू नहीं हुआ तो 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button