
पं. रविशंकर शुक्ल मार्केट बनेगा स्मार्ट मार्केट:भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान विधायक देवेंद्र यादव ने किया वादा, बोले- जल्द शुरू होगा काम
By Dinesh chourasiya

भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव गुरुवार को वार्ड 38 सोनिया गांधी नगर पहुंचे। यहां उन्होंने लोगों से वादा किया वो पं. रविशंकर शुक्ल मार्केट को स्मार्ट मार्केट बनाएंगे। इसका जल्द ही काम शुरू होगा। इसके तहत मार्केट को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा और वहां रंग बिरंगी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके ही लोगों की सुविधा के लिए वहां स्मार्ट टॉयलेट और बेहतर सड़कें बनाई जाएंगी।
भेंट मुलाकात के दौरान विधायक ने वार्डवासियों के साथ सड़क, नाली, पानी और अन्य मूलभूत समस्याओं पर चर्चा की। वार्ड की गलियों में जाकर वहां का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्डवासियों ने उन्हें वार्ड में स्थित पं. रविशंकर शुक्ल मार्केट की समस्याएं बताई। विधायक यादव ने उसी समय मार्केट का निरीक्षण किया। पूरे मार्केट का जायजा लेने के बाद विधायक ने कहा कि अब इस मार्केट को स्मार्ट मार्केट बनाया जाएगा। यहां खरीदी करने के लिए आने वाले लोगों को अब कोई परेशानी नहीं होगी। इसके लिए यहां बेहतर सुविधाएं डेवलप की जाएंगी। पूरे मार्केट का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।







रंग बिरंगी लाइटों से मार्केट को सजाया जाएगा। जनता की सुरक्षा के लिए चारों तरह सीसीटीवी कैमरे लगवाएं जाएंगे। ताकि यहां आने वाले लोग अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सकें। इसके अलावा यहां की सभी सड़कों को चकाचक बनाया जाएगा। सड़कों का निर्माण और संधारण करने के साथ ही यहां आने वाले ग्राहकों के लिए खास कर महिलाओं को वॉशरूम, टॉयलेट की समस्या ना हो, इसके लिए स्मार्ट टॉयलेट बनाया जाएगा। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को पूरे मार्केट का प्रोजेक्ट प्लान जल्द से जल्द तैयार करने का निर्देश दिया।

ज्योति कलश रूम का लोकार्पण
भेंट मुलाकात के दौरान विधायक दुर्गा पारा पहुंचे। लोगों ने उनसे एक ज्योति कलश बनाने की मांग की थी। मांग के अनुरूप विधायक ने काम शुरू करवा दिया था। अब जब पहुंचे तो ज्योति कलश कक्ष बन कर तैयार हो गया है। जिसका उन्होंने लोकार्पण किया।

रामहेपुर बस्ती में वाटर एटीएम और शेड बनाने के निर्देश
इसी दौरान विधायक राजेपुर बस्ती पहुंचे। जहां लोगों ने वाटर एटीएम लगाने की मांग की। विधायक ने जनता की मांग पर घोषणा की कि जल्द ही वार्ड में एक वाटर एटीएम लगाया जाएगा। साथ ही यहां मंच का जीर्णोंद्धार किया जाएगा। शेड का निर्माण भी किया जाएगा।









