छत्तीसगढ़

हरिद्वार में गंगा का जलस्तर बढ़ा, 8 गाड़ियां बहीं:दिल्ली में एक दिन में 4 महीने जितनी बारिश, 2 दिन में 11 लोगों की मौत

By Dinesh chourasiya

देशभर में कुछ राज्यों को छोड़कर मानसून लगभग पूरी तरह एक्टिव हो चुका है। उत्तराखंड में भारी बारिश की वजह से शनिवार को गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे 8 कारें बह गईं।

उधर, दिल्ली में 28 जून को 24 घंटों में 9 इंच बारिश हुई, जो जून 1936 में एक दिन में 9.27 इंच बारिश के बाद दूसरी सबसे ज्यादा बारिश है। इससे न केवल जून बल्कि मार्च से अब तक, यानी 4 महीने का कोटा पूरा हो गया।

दिल्ली में बारिश के कारण अलग-अलग घटनाओं में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। कल 5 लोगों की जान गई थी। शुक्रवार रात एक अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग के गड्ढे में 3 मजदूर गिर गए थे। बारिश के कारण गड्ढे में पानी भरा था। आज सुबह तीनों मजदूरों के शव निकाले गए।

इधर, आउटर दिल्ली के एसपी बादली इलाके में शनिवार दोपहर सिरसपुर अंडरपास में भरे पानी में दो लड़के डूब गए। ओखला इलाके के अंडरपास में दिग्विजय कुमार चौधरी (60) नाम के व्यक्ति का शव मिला। सामने आया कि वो बीते 24 घंटे से पानी में डूबे हुए थे।

IMD ने शनिवार (29 जून) को 27 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गोवा, महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली, छत्तीसगढ़, बिहार, गुजरात, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button