रायपुर में पिता 1 साल के बेटे को लेकर भागा:मां पहुंची थाने, ढाई घंटे में पुलिस ने ढूंढा; थाने में मनाया पहला जन्मदिन
By Dinesh chourasiya
रायपुर में पारिवारिक विवाद के चलते पिता अपने 1 साल के बेटे को जबरन अपने साथ ले गया। बच्चे को वापस देने से इनकार करने और उसकी कोई जानकारी नहीं देने पर मां ने पुलिस से मदद मांगी।







पंडरी थाना पुलिस ने तलाश शुरू की और महज ढाई घंटे में बच्चे को सकुशल बरामद कर मां से मिला दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने थाने में केक काटकर बच्चे का पहला जन्मदिन मनाया।
पुलिस के मुताबिक, 26 साल की प्रिया पांडेय की शादी 2022 में लाकेश सिंह बंजारे से हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते दोनों पिछले 7-8 महीने से अलग रह रहे थे।




मंगलवार सुबह करीब 11 बजे लाकेश दलदल सिवनी स्थित पत्नी के घर पहुंचा। यहां दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान लाकेश ने गाली-गलौज की और पत्नी के साथ मारपीट भी की।
थाने पहुंची मां, पीछे से बच्चा लेकर चला गया पिता
विवाद के दौरान शाम करीब 5 बजे आरोपी ने बच्चे को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। इस पर पड़ोस में रहने वाली रूबी प्रिया मानिकपुरी ने बच्चे को अपने घर ले जाकर सुरक्षित रखा।
इसके बाद प्रिया शिकायत दर्ज कराने पंडरी थाने पहुंची। इसी दौरान शाम करीब 6 बजे लाकेश वहां पहुंचा और एक साल के बेटे के साथ पत्नी का मोबाइल फोन भी लेकर चला गया।
मां ने बच्चे को वापस देने की मांग की, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हुआ। उसने बच्चे के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी। इसके बाद मां ने पुलिस से मदद मांगी। बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी।

ढाई घंटे में मिला बच्चा, थाने में मनाया पहला जन्मदिन
थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय की टीम ने बच्चे की तलाश शुरू की। पुलिस ने महज ढाई घंटे में बच्चे को सकुशल बरामद कर मां के हवाले कर दिया।
इस घटना का भावुक पहलू यह रहा कि जिस दिन बच्चा मां से बिछड़ा, उसी दिन उसका पहला जन्मदिन भी था। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिसकर्मियों ने पंडरी थाने में केक काटकर उसका जन्मदिन मनाया। पुलिसकर्मियों ने बच्चे के साथ खुशियां साझा कीं।
प्रिया की शिकायत पर पुलिस ने लाकेश सिंह बंजारे (28), निवासी बगदेही पारा, तर्री रोड, गोबरा नवापारा के खिलाफ अपराध क्रमांक 380/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 296 और 115(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।




