Uncategorized

दुर्ग जिले में पटाखा दुकानों के बीच रखनी होगी खाली जगह:हर दुकान में रेत-पानी की बाल्टी और अग्निशमन यंत्र जरूरी, CCTV-गार्ड भी तैनात होंगे कलेक्टर ने दिये निर्देश 

By Dinesh chourasiya

 

दीपावली पर पटाखा दुकानों में आग लगने की घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। दुर्ग कलेक्ट्रेट सभागार में पटाखा व्यापारियों की बैठक लेकर सुरक्षा के जरूरी निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि हर छह दुकानों के बीच पर्याप्त खाली जगह रखनी होगी, ताकि आग लगने पर राहत और बचाव का काम आसानी से किया जा सके। बैठक में आग से बचाव, यातायात, पार्किंग और भीड़ को संभालने की व्यवस्था पर चर्चा हुई।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल, एसडीएम प्रफुल्ल गुप्ता, सीएसपी देवांश सिंह राठौर, एसडीआरएफ के अधिकारी, नगर निगम के बाजार प्रबंधन अधिकारी, थाना प्रभारी दुर्ग और पटाखा व्यापारी मौजूद रहे।

दुर्ग पुलिस ने पटाखा दुकानों का किया निरीक्षण।

हर दुकान में रेत-पानी की बाल्टी और अग्निशमन यंत्र जरूरी

अधिकारियों ने व्यापारियों को निर्देश दिए कि हर पटाखा दुकान में रेत और पानी से भरी बाल्टी के साथ आग बुझाने वाला यंत्र रखना होगा। दुकानों के आसपास ज्वलनशील सामान नहीं रखा जाएगा।

सुरक्षा के लिए सभी दुकानों और पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड भी तैनात करने होंगे।

पार्किंग और पुलिस कंट्रोल रूम की होगी व्यवस्था

पटाखे खरीदने आने वाले लोगों की भीड़ को देखते हुए व्यापारियों को अलग से पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। परिसर में पुलिस कंट्रोल रूम के लिए अलग टेंट लगाया जाएगा। यहां माइक से जरूरी सूचनाएं दी जाएंगी और कैमरों से पूरे परिसर पर नजर रखी जाएगी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि केवल वैध लाइसेंस वाले व्यापारी ही पटाखे बेच सकेंगे। सभी दुकानदारों को अपना लाइसेंस दुकान के सामने ऐसी जगह लगाना होगा, जहां वह साफ दिखाई दे। प्रशासन के तय सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक।

जेआरडी स्कूल मैदान का किया निरीक्षण

बैठक के बाद अधिकारियों और पटाखा व्यापारियों ने जेआरडी स्कूल मैदान पहुंचकर संयुक्त निरीक्षण किया। यहां दुकानों के लिए जगह तय करने, उनके बीच पर्याप्त दूरी रखने, आग से बचाव और अन्य जरूरी सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

अधिकारियों ने व्यापारियों को निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री और भंडारण तय सुरक्षा नियमों के तहत ही करें। किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।

Related Articles

Back to top button