छत्तीसगढ़ में 3 अलग अलग सड़क हादसों में 4 की मौत ट्रेलर के नीचे आया बुजुर्ग, ट्रक ने बाइक सवार युवक-युवती को कुचला; भाजपा नेता की भी गई जान
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में 3 अलग-अलग हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। कोरबा में बुधवार सुबह बाइक और स्कूटी की टक्कर हो गई। दोनों वाहन सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने युवक और युवती को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। घटना कुसमुंडा थाना क्षेत्र की है।







वहीं, कोरबा के उरगा चौक के पास ट्रेलर ने स्कूटी सवार 65 वर्षीय बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टक्कर से बुजुर्ग सड़क पर गिर गया। इसी दौरान ट्रेलर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। हादसा उरगा थाना क्षेत्र का है।




इधर, बलरामपुर-रामानुजगंज में भाजपा नेता की बाइक सड़क किनारे लगे पिलर से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल भाजपा नेता ने रेफरल अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में दम तोड़ दिया। उनकी बाइक मोड़ पर बेकाबू हो गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना सनावल थाना क्षेत्र की है।
केस- 1 बाइक और एक्टिवा की आमने-सामने टक्कर
पहली घटना कुसमुंडा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहन सवार सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रक उन्हें कुचलते हुए निकल गया।
बाइक सवार युवक ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। जिससे उसकी जान चली गई। वहीं, स्कूटी सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। ज्यादा खून बहने से उसकी भी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस, शवों को कब्जे में लिया
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने डायल- 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। इधर कुसमुंडा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों मृतक स्थानीय इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि, उनकी पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
औद्योगिक क्षेत्र होने से भारी वाहनों की आवाजाही
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग औद्योगिक क्षेत्र में आता है। इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। फिलहाल, पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

केस- 2 ट्रेलर ने स्कूटी सवार को कुचला
दूसरी घटना उरगा थाना क्षेत्र की है। दरअसल, सेमीपाली के रहने वाले कृति नायडू मंगलवार को ATM और निजी काम से उरगा चौक आए थे। काम पूरा करने के बाद स्कूटी से अपने गांव लौट रहे थे।
इस दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को चपेट ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेलर तेज रफ्तार में था। टक्कर के बाद कृति नायडू सड़क पर गिर गए और ट्रेलर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
भागने की कोशिश कर रहा था ड्राइवर
हादसे के बाद राहगीरों ने उरगा पुलिस को सूचना दी। ट्रेलर चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर लिया है।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि उरगा थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार 60 से 65 साल के व्यक्ति की ट्रेलर की चपेट में आने से मौत हुई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी है। CCTV फुटेज के आधार पर हादसे की जांच की जा रही है। ट्रेलर चालक से पूछताछ जारी है।
केस- 3 भाजपा नेता की बाइक पिलर से टकराई
तीसरी घटना सनवाल थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक ग्राम कुंडपान के सरपंच पति और भाजपा नेता देवधारी सिंह (35) रात करीब 2 बजे रामानुजगंज से अपने गांव कुंडपान लौट रहे थे।
गांव में लाल बिहारी गुरुजी के घर के पास मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पिलर से टकरा गई। हादसे में उनके सिर और जांघ में चोटें आईं।
वाड्रफनगर ले जाते समय रास्ते में मौत
हादसे के बाद स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए डिंडो अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाड्रफनगर रेफर कर दिया। हालांकि, वहां ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
भाजपा नेताओं ने जताया दुख
देवधारी सिंह की मौत की खबर से गांव कुंडपान और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। भाजपा नेताओं और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर दुख जताया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
……………………





