दुर्ग के बाजारों में दीपावली पर बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था:इंदिरा मार्केट में चारपहिया, ई-रिक्शा और ऑटो की एंट्री बंद, पार्किंग के लिए जगह तय
By Dinesh chourasiya
दीपावली पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने ट्रैफिक और पार्किंग प्लान तैयार किया है। 5 नवंबर यानी आज से इंदिरा मार्केट में चारपहिया वाहनों, ई-रिक्शा और ऑटो के प्रवेश पर रोक रहेगी।







वहीं, बाजार आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग जगहों पर पार्किंग तय की गई है। इंदिरा मार्केट में वन-वे व्यवस्था भी लागू रहेगी। इसके अलावा शहर के समृद्धि मार्केट, जवाहर मार्केट और आकाश गंगा मार्केट के लिए भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इस संबंध में पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यातायात अधिकारियों की बैठक ली। इसमें बाजारों में जाम रोकने, वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित करने और लोगों की आवाजाही आसान बनाने पर चर्चा हुई।




सभी जोन प्रभारियों को अपने क्षेत्र के व्यापारियों और मार्केट प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पार्किंग स्थल तय करने के निर्देश दिए गए हैं। नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने, शराब पीकर गाड़ी चलाने और प्रतिबंधित क्षेत्र में भारी वाहन ले जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग और मुख्य सड़कों पर भारी वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 के तहत कार्रवाई होगी।
इंदिरा मार्केट में दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग
इंदिरा मार्केट आने वाले दोपहिया वाहन चालक महात्मा गांधी स्कूल, मारवाड़ी स्कूल और फरिश्ता कॉम्प्लेक्स में वाहन खड़े कर सकेंगे। वहीं, चारपहिया वाहनों के लिए पशु चिकित्सालय और शनिचरी बाजार स्थित नगर निगम की खाली जमीन तय की गई है।
पटेल चौक से मध्यानी चौक, जामा मस्जिद होते हुए सीएसपी कार्यालय के पीछे से वापस पटेल चौक तक वन-वे व्यवस्था रहेगी। आज से चारपहिया वाहन, ई-रिक्शा और ऑटो बाजार में नहीं जा सकेंगे। खासतौर पर मध्यानी चौक से फरिश्ता कॉम्प्लेक्स तक इन वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
भीड़ नियंत्रित करने के लिए मध्यानी चौक से सराफा लाइन, मान होटल से नया पारा, गवली पारा से शिव पारा, शनिचरी बाजार से गंजपारा और फरिश्ता कॉम्प्लेक्स से बस स्टैंड की ओर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
समृद्धि, जवाहर और आकाश गंगा मार्केट में भी तय हुई पार्किंग
समृद्धि मार्केट आने वाले लोग बगल में बने पार्किंग स्थल और हॉकी मैदान में वाहन खड़े कर सकेंगे। पावर हाउस स्थित जवाहर मार्केट के लिए लाल मैदान (दुर्गा पंडाल) में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
आकाश गंगा मार्केट में दोपहिया वाहन हिमालय कॉम्प्लेक्स के सामने और ज्वेलर्स मार्केट के सामने तय जगह पर खड़े किए जा सकेंगे। चारपहिया वाहनों के लिए नगर निगम कार्यालय के बगल में स्थित खाली मैदान तय किया गया है।
शहर के जिन बाजारों में अलग से पार्किंग की जगह नहीं है, वहां वाहन चालकों को सफेद लाइन के भीतर ही गाड़ी खड़ी करनी होगी। सड़क या लोगों के आने-जाने के रास्ते पर वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।

नो-पार्किंग और नशे में गाड़ी चलाने पर होगी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने नागरिकों से तय पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और वन-वे व डायवर्सन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। लोगों से नशे में वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की भी अपील की गई है।
पुलिस ने कहा है कि बाजारों में अनावश्यक भीड़ और जाम से बचने के लिए वाहन चालक ड्यूटी पर तैनात जवानों का सहयोग करें




