भिलाई में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की छापा दो प्रतिष्ठानों से लिए सैंपल; 115 किलो खराब मिठाई नष्ट कराई
By Dinesh chourasiya

दिवाली के बाद भी मिठाई दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य विभाग की जांच जारी है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने स्मृति नगर स्थित जायका मिठाई और पुलगांव चौक स्थित बालाजी प्रतिष्ठान में जांच की। इस दौरान दोनों जगह से मिठाइयों के सैंपल लिए गए। वहीं, बालाजी प्रतिष्ठान में करीब 100 किलो पुराना कुंदा मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं जायका मिठाई में 15 किलो गुलाब जामुन को नष्ट किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई किसी शिकायत के आधार पर नहीं, बल्कि नियमित जांच के तहत की गई।








खाद्य विभाग की टीम त्योहार को देखते हुए शहर के अलग-अलग मिठाई प्रतिष्ठानों में लगातार जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि सत्यम, जलाराम और तृप्ति जैसे बड़े मिठाई प्रतिष्ठानों में भी टीम पहुंच रही है। जांच का मकसद मिठाइयों की गुणवत्ता, उन्हें बनाने और रखने के तरीके के साथ दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति देखना है।







विभाग ने कलेक्ट किए सैंपल – बालाजी स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट से कुंदा और कलाकंद दाना के सैंपल लिए गए। – यहां 100 किलो कुंदा नष्ट कराया गया। – जायका मिठाई से भी जांच के लिए सैंपल लिए गए। – यहां 15 किलो गुलाब जामुन नष्ट कराया गया। – दोनों प्रतिष्ठानों में कुल 115 किलो मिठाई नष्ट कराई गई।
पुराना कुंदा मिलने पर नष्ट कराया जांच के दौरान बालाजी प्रतिष्ठान में कुंदा पुराना और खराब होने की आशंका के चलते करीब 100 किलो मिठाई नष्ट कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर इसे बिक्री से हटवाया गया। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की स्थिति ठीक मिलने के कारण कोई नोटिस जारी नहीं किया गया। वहीं, दोनों प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति साफ होगी।
कार्रवाई के बाद दुकानों में बढ़ी साफ-सफाई खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लगातार जांच और कार्रवाई के कारण मिठाई दुकानों में साफ-सफाई को लेकर काफी सुधार देखने को मिला है। पहले के मुकाबले अब दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों को साफ रख रहे हैं।
हालांकि, कुछ जगहों पर पुराने खाद्य पदार्थ मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया जा रहा है, ताकि खराब मिठाइयां लोगों तक न पहुंचें। अधिकारियों के मुताबिक, दिवाली के दौरान भी शहर में जांच अभियान चलाया गया था। उस दौरान करीब 50 सैंपल लिए गए थे। बुधवार को हुई कार्रवाई में लिए गए सैंपल अलग हैं। विभाग आगे भी अलग-अलग प्रतिष्ठानों में जाकर जांच करेगा।
बहुत ज्यादा रंग और ज्यादा चांदी वर्क वाली मिठाई से बचें: नेले खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार नेले ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिठाई खरीदते समय लोगों से सावधानी बरतनी चाहिए। बहुत ज्यादा रंग वाली और अधिक चांदी का वर्क लगी मिठाइयां खरीदने से बचना चाहिए। मिठाई में अगर किसी तरह की खराब गंध आ रही हो या वह खराब लग रही हो, तो उसे न खरीदें। ऐसी मिठाइयों की बिक्री की जानकारी खाद्य विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




