छत्तीसगढ़

भिलाई में देसी कट्टा-चाकू लहराया, पुलिस ने निकाला जुलूस:पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने घर में घुसे थे आरोपी, चाकू-तलवार और पिस्टल जब्त

By Dinesh chourasiya

आरोपियों का जुलूस निकालती पुलिस। - Dainik Bhaskar

भिलाई  में देसी कट्टा लेकर दौड़ाने, चाकू लहराने और महिला को घायल करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों को घटना स्थल ले गई, जहां से उनका जुलूस निकाला गया। घटना छावनी थाना क्षेत्र के कैम्प-2 की है।

टीआई चेतन चंद्राकर ने बताया कि, आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा (रिवाल्वर) 6 राउंड वाला, 2 चाकू और तलवार जब्त किया गया है। आरोपी 21 जून को तड़के कैम्प-2 मिलन चौक में शिवम हत्याकांड में जमानत पर रिहा हुए दोनों आरोपियों से पुरानी रंजिश का बदला लेने घर घुसे थे। वहां उन्होंने चाकू और तलवार से लोगों पर हमला कर दिया।

फायरिंग की घटना से पुलिस का इंकार

लोगों का आरोप है कि उन्होंने उन पर फायरिंग भी की है, लेकिन पुलिस फायरिंग की बात को गलत बता रही है। पुलिस का कहना है कि घटना स्थल पर सीसीटीवी फुटेज में युवक रिवाल्वर लहराता दिखा है, लेकिन फायरिंग जैसी कोई घटना नहीं घटी।

इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। मुखबिर की सूचना पर बैकुठधाम के पास से संतोष साव और करण साव को हिरासत में लिया। पूछताछ पर दोनों ने बताया कि वो लोग पुरानी रंजिश के चलते रजत और करन को जान से मारने की नीयत से उसके घर में घुसे थे।

उज्जैन से खरीदा था रिवाल्वर

आरोपियों ने बताया कि, 11 जून को मध्य प्रदेश के उज्जैन से रिवाल्वर 10 हजार रुपए में खरीदा था। इसके बाद वो पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए अपने दोस्तों के साथ चाकू और तलवार लेकर उनके यहां गए। जब वहां पब्लिक जमा होने लगी, तो वो लोग तलवार और रिवाल्वर लहराते हुए वहां से भाग गए।

चाकू मारने वाले आरोपी के पास से जब्त चाकू।

चाकू लहराने के मामले 2 आरोपी गिरफ्तार

इधर, 21 जून की रात चाकू मारकर एक युवक को घायल करने वाले 2 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मो. समीर खान और एक नाबालिग लड़के के पास से चाकू जब्त किया है। दोनों आरोपी नंदनी रोड गौतम नगर साहू किराना स्टोर्स के पास खुर्सीपार भिलाई के निवासी है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, बदले की नीयत से युवक पर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकालते हुए दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button