
छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री ने महिलाओं को धमकाया, कहा-ज्यादा हेकड़ी मत दिखाओ मंत्री बोले-पुलिस से फेंकवा देंगे; कांग्रेस बोली- ये महतारियों का अपमान
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने ठगी की शिकार महिलाओं को धमकाया है। मंत्री ने कहा ज्यादा हेकड़ी दिखाओगे तो पुलिस से फेंकवा देंगे। ये सभी महिलाएं कोरबा की हैं, जिनसे फ्लोरा मैक्स नाम की कंपनी करीब 500 करोड़ की ठगी की है। आरोपियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही थी।
मंत्री लखनलाल के धमकी देने वाले वीडियो को कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार को घेरा है। कांग्रेस ने भाजपा और मंत्री पर महतारियों का अपमान करने आरोप लगाया है। वहीं पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि लूट-खसोट में भागीदारी भाजपा की पहचान बन गई है।








अब जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, मंत्री लखनलाल देवांगन का वायरल वीडियो 12 जनवरी का है। कोरबा में कृषि मंत्री राम विचार नेताम के साथ लखनलाल एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। महिलाओं के एक ग्रुप ने दोनों मंत्रियों को घेर लिया था।
महिलाएं अपने नाम पर लिए गए लोन को माफ करने की मांग कर रही थी। उनका कहना था कि जब तक उनकी समस्याओं का हल नहीं निकलता, वे मंत्री को यहां से जाने नहीं देंगी।




जानिए वीडियो में क्या है
इस दौरान जब मंत्री लखनलाल देवांगन देखा कि महिलाएं हटने को राजी नहीं हैं, तो वे महिलाओं के करीब गए। उन्होंने कहा कि शासन आप लोगों का सहयोग कर रहा है, लेकिन ज्यादा हेकड़ी दिखाओगे तो पुलिस बुलाकर फेंकवा देंगे। इसके बाद महिलाएं आक्रोशित हो गईं।
महिलाओं को मंत्री राम विचार नेताम ने भी कहा कि नेतागिरी करने या सड़क जाम करने से काम नहीं बनेगा। कानून को अपने हाथ में ना लें, जो भी इसमें दोषी हैं, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। लोन लेने से पहले कंपनी के बारे में जानकारी ले लेनी थी।
भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले में सोशल मीडिया पर लिखा कि ठगी करने वाली कंपनियों से भाजपा नेताओं का ही नाम जुड़ता है। इस बार करोड़ों की ठगी करने वाली कंपनी फ्लोरा मैक्स का उद्घाटन करने में कृषि मंत्री लखनलाल देवांगन का नाम आ रहा है।
पिछली बार भी भाजपा सरकार में चिटफंड कंपनियों के कार्यालय का उद्घाटन भाजपा नेताओं ने ही किया था। लूट-खसोट में भागीदारी भाजपा की पहचान बन गई है।

महतारी वंदन का ढोंग, असल में अपमान
वहीं कांग्रेस ने लिखा- ‘ज्यादा हेकड़ी दिखाओगे तो पुलिस से बाहर फेंकवा देंगे’ – ये शब्द मंत्री लखनलाल देवांगन के हैं। यह वही मंत्री हैं, जिन्होंने चिटफंड कंपनी का उद्घाटन किया, और अब वही कंपनी महिलाओं का पैसा लेकर भाग गई है।
अब जब महिलाएं न्याय की मांग करने आईं, तो उन्हें धमकाया जा रहा है। महतारी वंदन का ढोंग, असल में महतारी का अपमान।
मंत्री बोले- घपला कांग्रेस के समय का, हम कार्रवाई कर रहे
उद्योग मंत्री लखनलाल ने कहा- ये घपला कांग्रेस सरकार के समय का है। हमने तो इस तरह की कंपनियों पर रोक लगाई है। 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच चल रही है। अभी और लोगों पर आगे कार्रवाई होगी।
अब जानिए महिलाओं से कैसे की गई ठगी?
आरोपी अखिलेश सिंह और उसके अन्य साथी फ्लोरा मैक्स सर्विस प्राइवेट लिमिटेड नाम से एक कंपनी चला रहे थे, जिसकी मुख्य शाखा कोरबा और दूसरी शाखा चांपा में खोली गई थी। कंपनी ने फर्जी स्कीम बताकर आम लोगों और महिला समूह के सदस्यों से 30-30 हजार रुपए जमा करवाए।
बदले में हर सदस्य को हर महीने 2700 रुपए देने का वादा किया। इसके अलावा कंपनी साड़ी, बर्तन, जूते, ज्वेलरी जैसे 35 हजार रुपए का सामान बेचने के लिए देती थी। सामान बेचने के बाद वे फिर से कंपनी में 35 हजार रुपए जमा करवाते थे। इसके बदले में सदस्यों को 35 रुपए कमीशन मिलता था।
इसके बाद कंपनी ने बिजनेस के लुभावने सपने दिखाकर महिलाओं के नाम से लोन लिया, लेकिन जब अनियमितताएं सामने आईं तो पुलिस प्रशासन ने कंपनी को सील कर दिया। बैंक महिलाओं को लोन की किस्त जमा करने कह रहे हैं।
……………………………………….




