Uncategorized

CG में 29 नवंबर को होगी व्याख्याता भर्ती परीक्षा:बस्तर के 15 केंद्रों पर 3,771 अभ्यर्थी होंगे शामिल

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ में व्याख्याता भर्ती परीक्षा 29 नवंबर रविवार को आयोजित की जाएगी। बस्तर जिले में इसके लिए 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3771 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी।

छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली है। जिला प्रशासन ने भी परीक्षा के निष्पक्ष और व्यवस्थित संचालन के लिए केंद्रों पर व्यवस्थाएं की हैं।

परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से कम से कम 2 से ढाई घंटे पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच और फ्रिस्किंग के बाद प्रवेश पत्र और पहचान पत्र का सत्यापन किया जाएगा।

परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले यानी सुबह 9:30 बजे केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

ये दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा

अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के सभी पेज का प्रिंट आउट एक तरफ से निकालकर लाना होगा। इसकी एक प्रति परीक्षा केंद्र में जमा की जाएगी।

साथ में आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड जैसे फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। प्रवेश पत्र में फोटो स्पष्ट नहीं होने पर दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ रखने होंगे।

ड्रेस कोड का करना होगा पालन

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और पैरों में चप्पल पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे।

बिना पॉकेट वाले साधारण स्वेटर की अनुमति होगी, लेकिन जांच के दौरान इसे उतारना होगा। बाली, झुमके और अन्य आभूषण पहनकर आने की अनुमति नहीं है।

इसके अलावा घड़ी, पर्स, पाउच, मोबाइल, बेल्ट, मोजे, जूते, स्कार्फ, टोपी, चश्मा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और हाथ में बंधे धागे सहित संचार के किसी भी साधन को परीक्षा केंद्र में ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।

धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच के लिए निर्धारित समय से पहले पहुंचना होगा।

इन 15 केंद्रों पर होगी परीक्षा

जिले में शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा-2 और झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज धरमपुरा-3 में 360-360 सीटें निर्धारित की गई हैं।

शासकीय दंतेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय में 277, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकंडरी स्कूल क्रमांक-1 में 360 और शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकंडरी स्कूल में 360 सीटों की व्यवस्था है।

इसके अलावा सेजेस कन्या हायर सेकंडरी स्कूल क्रमांक-2 राजेंद्र नगर में 300, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल धरमपुरा में 115, स्वामी विवेकानंद एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल में 357, स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल रेलवे कॉलोनी में 240 और शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल आड़ावाल में 124 सीटें निर्धारित हैं।

वहीं भगत सिंह हायर सेकंडरी स्कूल सिविल लाइन पथरागुड़ा में 235, बाल विहार हायर सेकंडरी स्कूल में 179, निर्मल हायर सेकंडरी स्कूल लालबाग में 184, क्रांतिकारी ढेबरीधूर कॉलेज धरमपुरा में 180 और शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल आसना में 140 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

वेबसाइट से डाउनलोड करें प्रवेश पत्र

अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र vyapamcg.cgstate.gov.in या cgssb.cgstate.gov.in वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा के संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर कृष्ण कुमार जायसवाल को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव समन्वयक और सहायक प्राध्यापक डॉ. अजय सिंह ठाकुर सहायक समन्वयक नियुक्त किए गए हैं।

परीक्षा से संबंधित किसी भी परेशानी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 या मोबाइल नंबर 8827920164 पर सुबह 10 से शाम 5:30 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।

…

Related Articles

Back to top button