Uncategorized

CG में ऑनलाइन-गेमिंग में कर्ज चुकाने दोस्त संग की चोरी:एक छत पर छिपा, दूसरा पहरेदारी करता रहा, तीन महीने बाद दबोचे गए 15.50 लाख की संपत्ति जब्त

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में ऑनलाइन गेमिंग में 10 लाख रुपए हारने के बाद कर्ज में डूबे युवक ने उसे चुकाने के लिए चोरी की साजिश रच डाली। उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर पहले एक सूने मकान की रेकी की। फिर वारदात वाले दिन आरोपी सुबह 4 बजे ही मकान की छत पर जाकर छिप गया, जबकि उसका दोस्त बाहर निगरानी करता रहा।

सुबह घर के सभी सदस्य खेती-किसानी के काम से खेत चले गए तो बाहर खड़े आरोपी ने मोबाइल से इशारा किया। इसके बाद छत पर छिपा युवक नीचे उतरा और ताला तोड़कर घर में घुस गया। दोनों ने आलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चुराए और कार से फरार हो गए।

करीब तीन महीने बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से 15 लाख 50 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी मोहारा के ग्राम ठाकुरटोला का है।

खेत गए थे परिवार के सदस्य, पीछे से तोड़ा ताला

ग्राम ठाकुरटोला के दीपक वर्मा 25 अगस्त 2026 को सुबह करीब 9 बजे परिवार के साथ खेत गए थे। दोपहर करीब 1 बजे जब वे घर लौटे तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारी से सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी का करधन और पैरपट्टी गायब थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

गांव के ही दो युवकों ने मिलकर की चोरी

पुलिस जांच में गांव के ही सुरेन्द्र साहू (36) और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम (25) के नाम सामने आए। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, सुरेन्द्र ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपए हार गया था। उस पर कर्ज हो गया था। इसे चुकाने के लिए उसने गणेश्वर के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई।

दोनों ने पहले घर की रेकी की और परिवार के आने-जाने के समय पर नजर रखी। वारदात वाले दिन सुबह करीब 4 बजे दोनों घर के पास पहुंच गए। गणेश्वर ट्रैक्टर की ट्रॉली के सहारे छत पर चढ़कर छिप गया, जबकि सुरेन्द्र बाहर रहकर निगरानी करने लगा।

सुबह करीब 9 बजे परिवार के खेत जाने के बाद सुरेन्द्र ने मोबाइल से इशारा किया। इसके बाद गणेश्वर नीचे उतरा और लोहे की रॉड से कमरे का ताला तोड़कर घर में घुस गया। उसने गोदरेज आलमारी तोड़कर जेवर निकाल लिए। इसके बाद दोनों कार (सीजी 04 एनजेड 3480) से रायपुर भाग गए।

रायपुर में किराए का मकान लेकर रहने लगे

चोरी के बाद दोनों रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में किराए का मकान लेकर रहने लगे। उन्होंने चोरी के जेवर बेचने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद कुछ जेवर किराए के मकान में ही छिपाकर रख दिए।

रायपुर में घरेलू काम के दौरान भी चुराए थे जेवर

पुलिस पूछताछ में सुरेन्द्र की एक और चोरी का मामला सामने आया। पुलिस के मुताबिक, उसने रायपुर के अरिहंत नगर में हेमंत साहू के घर घरेलू काम करने के दौरान एक जोड़ी सोने के टॉप्स और एक जोड़ी झुमके चुरा लिए थे। इन जेवरों को उसने डोंगरगढ़ के मुथूट फाइनेंस में गिरवी रख दिया था। पुलिस ने इन्हें भी बरामद कर लिया है।

15.50 लाख रुपए की संपत्ति जब्त

पुलिस ने ग्राम ठाकुरटोला की चोरी के 8.50 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर, वारदात में इस्तेमाल 5 लाख रुपए की कार और रायपुर के अरिहंत नगर से चोरी किए गए 2 लाख रुपए के सोने के जेवर जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 15 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र साहू और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम के रूप में हुई है। दोनों ग्राम ठाकुरटोला के रहने वाले हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button