CG में किसानों का चक्काजाम:हाथियों के हमले, राशन कटौती, धान के रकबे में गड़बड़ी बढ़ते बिजली बिलों पर जताया विरोध
By Dinesh chourasiya
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में सैकड़ों किसानों और ग्रामीणों ने चार मांगों को लेकर 11 नंबर चौक पर चक्काजाम किया। प्रदर्शन में जंगली हाथियों से सुरक्षा, राशन कटौती बंद करने, धान के रकबे में सुधार और बिजली बिलों में बढ़ोतरी रोकने की मांग की गई। ग्रामीणों ने घंटों धरना-प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। बाद में राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।







ग्रामीणों ने कहा कि प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों के हमलों से लोगों की जान जा रही है। किसानों की खड़ी फसलें भी बर्बाद हो रही हैं। हाथियों के हमले की आशंका के बीच ग्रामीणों को अपनी और खेती की सुरक्षा की चिंता बनी रहती है। उन्होंने हाथियों से बचाव के लिए स्थायी और प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की।





ये हैं ग्रामीणों की चार प्रमुख मांगें
हाथियों से सुरक्षा: जंगली हाथियों के हमलों में जनहानि और फसलों का नुकसान रोकने के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
पूरा राशन देने की मांग: गरीब परिवारों के राशन में कटौती बंद कर पात्र हितग्राहियों को पूरा राशन दिया जाए।
धान का रकबा सुधारने की मांग: किसानों के धान के रकबे में हुई गड़बड़ी ठीक की जाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं और धान खरीदी का लाभ मिल सके।
बिजली बिल में बढ़ोतरी पर रोक: बिजली बिलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी पर रोक लगाई जाए।
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
घंटों चले धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम के बाद ग्रामीणों ने राज्यपाल और शासन-प्रशासन के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांगों का जल्द निराकरण करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केवल आश्वासन देने से समस्याएं हल नहीं होंगी। इसके लिए ठोस कदम उठाने होंगे।




