बिलासपुर के 3 बड़े होटलों में छापेमारी:ग्रेवी-पनीर के नमूने लिए, कमियां सुधारने के निर्देश, ग्रैंड अंबा और सिल्वर ओक में मिलीं खामियां
By Dinesh chourasiya
बिलासपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने ईस्ट पार्क, ग्रैंड अंबा, सिल्वर ओक समेत कई होटलों के रेस्टोरेंट में छापेमारी की। यहां होटल-रेस्टोरेंट की रसोई में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण और कर्मचारियों की सुरक्षा संबंधी नियमों की अनदेखी करने का मामला सामने आया। इस दौरान जांच में मिली खामियों पर सुधार के निर्देश दिए गए।
वहीं, दो होटलों से खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए गए। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ‘सुरक्षित आहार हमर अधिकार’ अभियान के तहत जिले में होटल-रेस्टोरेंट सहित प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण कर रही है। इस दौरान शुक्रवार को ईस्ट पार्क से वेज ग्रेवी और पनीर और ग्रैंड अंबा से टोमैटो ग्रेवी, हल्दी पाउडर के नमूने लिए गए।








खामियों में सुधार की चेतावनी देकर निभाई औपचारिकता
जांच के दौरान ग्रैंड अंबा और सिल्वर ओक में खामियां मिली, जिस पर केवल सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा की गई। इसी तरह दावते दिल्ली की शिव टॉकीज रोड और टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित दोनों शाखाओं को भी कमियों को दूर करने कहा गया।
मोपका के डाउन टाउन, गुलमोहर रेस्टोरेंट और नेहरू चौक के पौष्टिकम की भी जांच की गई। डाउन टाउन में कमियां मिलने पर सुधार नोटिस की अनुशंसा की गई। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने केवल सुधार की चेतावनी दी है।





अखबार में खाना परोसने पर रोक
निरीक्षण में संचालकों को खाद्य सामग्री के भंडारण में फर्स्ट इन-फर्स्ट आउट प्रणाली अपनाने, कर्मचारियों को हेड कैप और ग्लव्स पहनाने और अखबार में खाना परोसने या लपेटने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। ढक्कनयुक्त डस्टबिन रखने, पेस्ट कंट्रोल और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र तैयार कराने को भी कहा गया।
इस कार्रवाई के दौरन उपसंचालक डॉ. शुभा गरेवाल के मार्गदर्शन में अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल, अमिशा मरावी और प्रतीक तिवारी मौजूद रहे।




