भोपाल से रायपुर आ रहा 1500 किलो पनीर जब्त:खैरागढ़ में कार्यवाही, एनालॉग होने की आशंका; भाठागांव की दुकान में होनी थी सप्लाई
By Dinesh chourasiya
मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ के बाजारों में सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा 1500 किलो संदिग्ध पनीर खैरागढ़ में पकड़ा गया है। भोपाल से रायपुर जा रही पिकअप को गुरुवार शाम करीब 7 बजे साल्हेवारा चेकपोस्ट पर पुलिस ने जांच के लिए रोका। वाहन में 50-50 किलो के 30 कार्टून मिले।
ड्राइवर शिशुपाल ने बताया कि पनीर भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर से लाया जा रहा था और रायपुर के भाठागांव स्थित आशीष जायसवाल की दुकान में पहुंचाना था। जांच के दौरान चालक पनीर की शुद्धता से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सका।







खाद्य सुरक्षा विभाग की शुरुआती जांच में पनीर के एनालॉग होने की आशंका जताई गई है। विभाग ने इसके सैंपल लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पनीर की असली गुणवत्ता का पता लैब रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
चेकपोस्ट पर पुलिस ने रोका वाहन
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 7 बजे साल्हेवारा थाना के सामने चेकपोस्ट पर पुलिस नियमित रूप से वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान भोपाल से रायपुर की ओर जा रही पिकअप (MP 04 WC 8384) को संदेह के आधार पर रोका गया।




पूछताछ में ड्राइवर शिशुपाल ने बताया कि वाहन में पनीर भरा है, जिसे भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर से रायपुर ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी। वाहन को जिला मुख्यालय लाकर जांच कराई गई।
50-50 किलो के 30 कार्टून मिले
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें पनीर के 30 कार्टून मिले। हर कार्टून में 50 किलो पनीर भरा था। इस तरह कुल खेप करीब 1500 किलो की थी। ड्राइवर के मुताबिक, पनीर रायपुर के भाठागांव स्थित आशीष जायसवाल की दुकान में पहुंचाई जानी थी।
जांच के दौरान चालक पनीर की शुद्धता और गुणवत्ता से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद खाद्य विभाग ने पनीर की जांच शुरू की।
लैब रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरें ने बताया कि पनीर की शुद्धता से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले हैं। शुरुआती जांच में यह एनालॉग पनीर लग रहा है।
पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी असली गुणवत्ता का पता चलेगा। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





