Uncategorized

अमित बघेल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत:हेट स्पीच के 14 मामलों में राहत मिली, रायपुर जिले से बाहर रहने की शर्त भी हटी

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संस्थापक और जोहार छत्तीसगढ़िया पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित बघेल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को हेट स्पीच से जुड़े 14 आपराधिक मामलों में उन्हें नियमित जमानत दे दी।

इसके साथ ही रायपुर जिले से बाहर रहने से संबंधित शर्त भी हटा दी गई है। ये सभी मामले वीआईपी चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के साथ हुई तोड़फोड़ की घटना को लेकर दिए गए उनके बयान से संबंधित हैं।

हाईकोर्ट से मिली थी 3 महीने की अस्थायी जमानत

इससे पहले बिलासपुर हाईकोर्ट ने 9 अप्रैल 2026 को अमित बघेल को इन 14 मामलों में तीन महीने की अस्थायी जमानत दी थी। हालांकि, बलौदाबाजार आगजनी कांड से जुड़े अन्य मामलों में जेल में बंद होने के कारण उन्हें 22 जुलाई को रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा किया गया था। उनकी अस्थायी जमानत की अवधि 22 अक्टूबर को खत्म हो गई थी।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 11 नवंबर को किया सरेंडर

इसके बाद हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए अमित बघेल ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर की थी। सुप्रीम कोर्ट ने 28 अक्टूबर को आदेश दिया था कि वे दो सप्ताह के भीतर हेट स्पीच से जुड़े सभी 14 मामलों में सरेंडर करें। इस आदेश के पालन में बघेल ने 11 नवंबर को सरेंडर कर दिया था।

बचाव पक्ष ने 7 महीने से ज्यादा जेल में रहने का दिया तर्क

गुरुवार को सुनवाई के दौरान अमित बघेल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे और अधिवक्ता हर्षवर्धन परगनिहा ने पक्ष रखा। बचाव पक्ष ने कोर्ट को बताया कि जिन अपराधों में अधिकतम तीन साल की सजा का प्रावधान है, उनमें बघेल सात महीने से ज्यादा समय न्यायिक हिरासत में बिता चुके हैं।

इसके अलावा उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के 28 अक्टूबर के आदेश का पालन करते हुए सभी 14 मामलों में सरेंडर भी कर दिया है।

सरकार ने 19 अन्य आपराधिक मामलों का किया जिक्र

वहीं, राज्य सरकार की ओर से जमानत का विरोध किया गया। सरकार ने दलील दी कि अमित बघेल के खिलाफ इन 14 मामलों के अलावा 19 अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।

सरकार ने यह भी कहा कि तीन महीने की अस्थायी जमानत की अवधि खत्म होने के बाद उन्होंने तत्काल आत्मसमर्पण नहीं किया था। इन दलीलों के बीच सुप्रीम कोर्ट ने अमित बघेल को सभी 14 मामलों में नियमित जमानत दे दी। साथ ही रायपुर जिले से बाहर रहने की शर्त भी हटा दी गई।

प्रतिमा तोड़े जाने के बाद शुरू हुआ था विवाद

पूरा विवाद 26 अक्टूबर 2025 को रायपुर के VIP चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा से तोड़फोड़ की घटना के बाद शुरू हुआ था। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान वहां हंगामा हुआ और कार्यकर्ताओं तथा पुलिसकर्मियों के बीच झड़प भी हुई थी।

हंगामे के बाद छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा दोबारा स्थापित कर दी गई थी। पुलिस ने प्रतिमा तोड़ने के आरोपी को गिरफ्तार किया था। परिजनों के मुताबिक, आरोपी मानसिक रूप से बीमार है और उसका पहले सेंदरी और रांची में इलाज भी कराया गया था।

घटना के बाद अमित बघेल ने अग्रवाल और सिंधी समाज को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी बयान को लेकर विवाद बढ़ा और उनके खिलाफ अलग-अलग थानों में शिकायतें दर्ज कराई गईं।

प्रदेशभर में हुआ था विरोध, माफी और कार्रवाई की उठी थी मांग

अमित बघेल की कथित टिप्पणी के विरोध में रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन हुए थे। अग्रवाल समाज की ओर से उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई थी।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा था कि इस तरह की टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है। इसके बाद रायपुर के अलग-अलग थानों के साथ अन्य स्थानों पर भी उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थीं।

2022 में भूपेश सरकार ने लगवाई थी प्रतिमा

तेलीबांधा तालाब के पास स्थित छत्तीसगढ़ महतारी उद्यान में छत्तीसगढ़ महतारी की मुख्य प्रतिमा स्थापित है। इसका अनावरण 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया था। यहीं से 33 जिलों में इसी तरह की प्रतिमाएं लगाने की घोषणा हुई थी।

प्रतिमा में मातृ स्वरूपा महिला को पारंपरिक छत्तीसगढ़ी परिधान-लुगरा और आभूषणों में दर्शाया गया है। उनके एक हाथ में धान की बालियां हैं जो राज्य की कृषि प्रधान संस्कृति का प्रतीक है। दूसरे हाथ में दीपक (दीया) ज्ञान, शांति और समृद्धि का प्रतीक है। सिर पर मुकुट, चेहरे पर तेज और मुद्रा में मातृत्व तथा गौरव की झलक दिखती है।

…………………

Related Articles

Back to top button