Uncategorized

दुर्ग जिले में 4 हजार ऑटो-ई रिक्शा पर लगा QR कोड:स्कैन करते ही मिलेगी ड्राइवर-मालिक की जानकारी; इमरजेंसी के लिए डॉयल- 112 का भी ऑप्शन

By Dinesh chourasiya

दुर्ग यातायात पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा और ऑटो चालकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत करीब 4 हजार ऑटो, ई-रिक्शा और रैपिडो वाहनों का रजिस्ट्रेशन कर उनमें QR कोड लगाया जा रहा है।

ऑटो चालकों को पहचान पत्र (आईडी कार्ड) भी दिए जा रहे हैं। QR कोड स्कैन करते ही यात्री चालक, वाहन मालिक और गाड़ी से जुड़ी जानकारी देख सकेंगे। इसमें इमरजेंसी के लिए 112 नंबर का फीचर भी जोड़ा गया है।

रविवार से शुरू हुआ QR कोड लगाने का काम

यह अभियान रविवार को ट्रैफिक टॉवर, नेहरू नगर में शुरू किया गया। यातायात पुलिस ने पिछले दो से तीन महीने में लगातार काम करते हुए करीब 4 हजार वाहनों का पंजीयन किया है। अब इन वाहनों में QR कोड लगाने और चालकों को आईडी कार्ड देने का काम किया जा रहा है।

नेहरू नगर ट्रैफिक टॉवर में ऑटो में लगे क्यूआर कोड।
नेहरू नगर ट्रैफिक टॉवर में ऑटो में लगे क्यूआर कोड।

 

QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी चालक और वाहन की जानकारी

एडिशनल एसपी ट्रैफिक कौशलेंद्र पटेल ने बताया कि यातायात पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह अभियान शुरू किया है। दो से तीन महीने की मेहनत के बाद करीब 4 हजार ऑटो, ई-रिक्शा और रैपिडो वाहनों का रजिस्ट्रेशन किया गया है।

इसका मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और ऑटो चालकों, वाहन मालिकों की पहचान का सत्यापन करना है। QR कोड स्कैन करते ही यात्री चालक और वाहन से जुड़ी जानकारी देख सकेंगे।

उन्होंने बताया कि ऑटो चालकों और वाहन मालिकों से चर्चा के दौरान कई ऐसे मामले सामने आए, जिनमें नाबालिग बच्चे और बाहरी लोग बिना जरूरी दस्तावेजों के ऑटो चला रहे थे।

अभियान के जरिए ऐसे चालकों की पहचान कर उन्हें व्यवस्था से बाहर किया जाएगा। साथ ही, सभी ऑटो का संचालन जरूरी दस्तावेजों और नियमों के अनुसार सुनिश्चित किया जाएगा।

QR कोड में ड्राइविंग लाइसेंस समेत दस्तावेज होंगे दर्ज

ऑटो में लगाए गए QR कोड में चालक और वाहन मालिक का नाम, वाहन नंबर, इंजन नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दर्ज रहेगी। यात्री ऑटो में बैठने के बाद QR कोड स्कैन कर इन जानकारियों का सत्यापन कर सकेंगे।

यातायात पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि सफर शुरू करने से पहले ऑटो में QR कोड लगा है या नहीं, इसकी जांच करें। साथ ही QR कोड स्कैन कर चालक और वाहन की जानकारी जरूर देख लें।

आपात स्थिति में बटन दबाते ही 112 पर कर सकेंगे कॉल

QR कोड से जुड़ी व्यवस्था में आपातकालीन सहायता के लिए 112 नंबर का फीचर भी जोड़ा गया है। किसी परेशानी या विपरीत परिस्थिति में यात्री संबंधित बटन दबाकर सीधे 112 पर कॉल कर सकेंगे। इससे सफर के दौरान जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता मिल सकेगी।

यातायात पुलिस के अनुसार, अब तक करीब 4 हजार ऑटो, ई-रिक्शा और रैपिडो वाहनों का पंजीयन किया गया है। इन सभी वाहनों में QR कोड लगाने और चालकों को पहचान पत्र बांटने की प्रक्रिया जारी है।

ऑटो चालकों को दिया गया आईडी कार्ड।
…

Related Articles

Back to top button