यूपी के कन्नौज में बड़ा हादसा: स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत, 32 घायल
By Dinesh chourasiya

कन्नौज / लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मंगलवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 4 स्कूली बच्चों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए। घायलों में 24 छात्र और 8 स्कूल स्टाफ शामिल हैं।







कैसे हुआ हादसा
हादसा सुबह करीब 6 बजे ठठिया थाना क्षेत्र के पास माइलस्टोन 210 के पास हुआ।
कौशांबी के सिराथू स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस आगरा और मथुरा का 3 दिन का टूर करके वापस कौशांबी लौट रही थी। बस में करीब 50-60 लोग थे, जिसमें कक्षा 6 से 10 तक के करीब 50 छात्र, 8 टीचर और ड्राइवर-कंडक्टर थे।
रास्ते में बच्चों को टॉयलेट के लिए बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोका गया था। तभी पीछे से आ रहे आलू से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया, सीटें उखड़ गईं और कई बच्चे सीटों के बीच फंस गए।




कौन-कौन हुआ शिकार
मृतकों की पहचान –
1. आर्यन चौरसिया (14 साल) – कक्षा 8
2. रजीउल्लाह (16 साल) – कक्षा 8
3. अरमान (17 साल) – कक्षा 10
4. ज़ैद मिर्ज़ा (17 साल) – कक्षा 10
स्कूल के प्रिंसिपल / मैनेजर सलमान और एक छात्र गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें तिर्वा मेडिकल कॉलेज से कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी घायल बच्चों का इलाज तिर्वा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
पुलिस क्या बोली
कन्नौज के एसपी विनोद कुमार ने बताया कि बस खड़ी थी, तभी ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी। पुलिस, UPEIDA की टीम और स्थानीय लोगों ने मिलकर बच्चों को बस से बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
ट्रक ड्राइवर के नींद में होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं एक घायल छात्र ने आरोप लगाया है कि ट्रक ड्राइवर ने शराब पी रखी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे की खबर मिलते ही कन्नौज के डीएम आशुतोष मोहन और एसपी विनोद कुमार तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
—




