छत्तीसगढ़

दुर्ग जिले के नेहरू नगर बायपास टोल प्लाजा में CG-07 वाहनों के लिए टोल टैक्स फ्री : कांग्रेस सरकार जाते ही बदला था नियम, अब कलेक्टर ने बैठक में दिए निर्देश

By Dinesh chourasiya

दुर्ग बायपास टोल प्लाजा। - Dainik Bhaskar

दुर्ग बायपास टोल प्लाजा में अब फिर से CG-07 यानि दुर्ग पासिंग गाड़ियों का टोल नहीं लिया जाएगा। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार के समय बड़े आंदोलन के बाद यह नियम लागू हुआ था। जैसी ही सरकार बदली टोल प्लाजा प्रबंधन ने टैक्स फिर से वसूलना शुरू कर दिया। जब भाजपाइयों ने इसका विरोध किया, तो कलेक्टर पुष्पेद्र मीणा ने टोल फ्री करने के निर्देश दिए।

दरअसल, नेहरू नगर बायपास टोल प्लाजा से दुर्ग पासिंग सीजी-07 की गाड़ियों से टोल वसूली रोकने के लिए कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने एक अभियान छेड़ा था। इसे लेकर एक बड़ा आंदोलन और विरोध प्रदर्शन हुआ था। अगस्त 2023 को टोल प्लाजा प्रबंधन ने वाहनों को टोल फ्री करने का निर्णय लिया था।

कलेक्टर के आदेश पर टोल फ्री

अब दिसंबर में भाजपा की सरकार राज्य में बनते ही टोल प्लाजा प्रबंधन ने CG-07 वाहनों से टोल वसूली शुरू कर दिया। जिसका भाजपा के लोगों ने विरोध किया। इसके बाद दुर्ग कलेक्टर ने इसे लेकर टोल प्लाजा प्रबंधन के साथ बैठक बुलाई। जिसमें निर्णय हुआ कि इन वाहनों को टोल फ्री किया जाए। अब फिर से नॉन कामर्सियल वाहनों को टोल फ्री कर दिया गया है।

एनएचआई से आदेश आने तक जारी रहेगा निर्णय

टोल प्रबंधन ने कहा कि अभी सीजी-07 पासिंग वाहनों से टोल नहीं लिया जाएगा। यह निर्णय तब तक लागू रहेगा, जब तक एनएचआई से कोई आदेश नहीं आ जाता है।

इस बैठक में एके मिश्रा महाप्रबंधक सहपरियोजना निदेशक भारतीय राष्ट्रीय राज्य मार्ग प्राधिकरण रायपुर, सुनील वी पाटिल परियोजन निदेशक भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, परियोजन प्रबंधक दुर्ग, शिवनाथ एक्सप्रेसवेज प्राइवेट लिमिटेड बाइपास टोल प्लाजा एनएच- 53, दुर्ग एसएसपी रामगोपाल गर्ग और अनुविभागीय दंडाधिकारी समेत अन्य मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button