
हाफ बिजली बिल योजना को लेकर भाजपा का विरोध प्रदर्शन:नेता प्रतिपक्ष सहित कई बड़े नेता हुए शामिल, कांग्रेस सरकार को बताया झूठा
भिलाई राज्य सरकार द्वारा भिलाई टाउनशिप के लोगों को हाफ बिजली बिल योजना का लाभ देने को गलत बताते भाजपा ने महा धरना दिया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में हुए इस महा धरना में नेता प्रतिपक्ष विधायक नारायण चंदेल भी पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस सरकार को झूठ की सरकार बताया।
हाफ बिजली बिल योजना के 80 करोड़ न मिलने के विरोध में बीजेपी ने सेक्टर गणेश पांडाल के बगल में एक विशाल धरना दिया। 19 अगस्त शनिवार को हुए इस धरना प्रदर्शन में भिलाई टाउनशिप के हर उपभोक्ता को 30 हजार रुपए देने की मांग की गई। पूर्व विस अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री और भिलाई नगर विधायक भिलाई टाउनशिपवासियों को पिछले साढ़े चार सालों से गुमराह करने का कम कर रहे हैं। उन्होंने चुनावी समय में उन्हें बिजली बिल हाफ योजना का लाभ दिया, जबकि पूरे राज्य के लोगों को मार्च 2019 से ये लाभ मिल रहा है। सरकार को चाहिए कि टाउनशिप के लोगों को भी उसी समय से ये लाभ मिलना चाहिए। इसीके विरोध में भाजपा विशाल धरना का आयोजन कर रही है। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में टाउनशिप के लोग शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार को चाहिए कि वो टाउनशिप के हर एक उपभोक्ता लगभग 30 हजार रुपए दे।








झूठ बोलकर टाउनशिप के लोगों को नहीं दिया योजना का लाभ
प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री और भिलाई के विधायक ने झूठ बोलकर भिलाई टाउनशिप के बीएसपी से संबद्ध घरेलू उपभोक्ताओं को “हाफ बिजली बिल योजना” के लाभ से वंचित रखा। अब जब चुनाव नजदीक हैं तो सितंबर 2023 से इस योजना का लाभ उन्हें देने की घोषणा कर रहे हैं। इस बारे में उन्होंने जनता के सामने सीएसपीडीसीएल को हैंडओवर करने पर ही योजना का लाभ मिल पाने का झूठ परोसा दिया है। हमारी मांग है कि जब मुख्यमंत्री सितंबर 2023 से इस योजना को लागू कर सकते हैं तो प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं की तरह इन उपभोक्ताओं को भी मार्च 2019 से ये लाभ क्यों नहीं दे रहे हैं। मार्च 2019 से योजना लागू होने पर टाउनशिप से 28 हजार से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को 80 करोड़ और प्रत्येक उपभोक्ता को लगभग 30 हजार रूपए का लाभ मिलेगा। ऐसा हुआ तो यहां के लोगों को आने वाले 2 सालों तक बिजली बिल का भुगतान नहीं करना पड़ेगा।







