छत्तीसगढ़

दुर्ग में नहीं थम रहा हत्याओं का सिलसिला:अंजोरा चौकी क्षेत्र में तीन दिन के अंदर मिली दो लाशे, पुलिस जांच में जुटी

By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले में लगातार हत्या के मामले सामने आ रहे हैं। यहां पुलगांव थाना के अंजोरा चौकी क्षेत्र में तीन दिन के भीतर दो लाश मिली हैं। पहले की त्रिशूल खोंपकर हत्या की गई है। वहीं मंगलवार सुबह फिर पानी से भरे गड्ढे में एक युवक की लाश मिली है। मृतक की पहचान पूर्व रेल कर्मी आनंद डोंगरे के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलगांव थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि उन्हें मंगलवार सुबह सूचना मिली थी कि दुर्ग ग्रामीण इलाके के रसमड़ा क्षेत्र में एक युवक की लाश मिली है। पुलगांव और अंजोरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने देखा कि पानी से भरे एक डबरीनुमा गड्ढे में एक युवक की औंधे मुंह लाश पड़ी हुई है। पुलिस की टीम ने लाश को बाहर निकाला। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर युवक की पहचान आनंद डोंगरे (55 साल) के रूप में हुई है। फिलहाल ये हत्या है, दुर्घटना या खुदकुशी पुलिस कुछ भी नहीं कह पा रही है। पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर में कहीं भी कोई चोट के निशान नहीं है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल पाएगा।
कई सालों से झोपड़ी बनाकर वहीं रहता था युवक
पुलिस को पूछताछ में गांववालों ने बताया कि मृतक आनंद पहले रेलवे में काम करता था। कई साल हो गए वो वहां काम छोड़कर सरमढ़ा में डबरी के पास ही झोपड़ी बनाकर रहता था। वो गांव में भीख मांगकर अपना जीवन यापन करता था। जिस तरह डबरी में उसकी लाश मिली है, इससे लगता है कि या तो वो चक्कर खाकर उसमें गिरा है या किसा जहरीले जंतु ने काटा है। पानी में गिरने से वो सांस नहीं ले पाया और उसकी मौत हो गई।
दो दिन पहले मिली थी अधजली लाश
गनियारी के पास रसमड़ा में ही दो दिन पहले सतबहिनिया मंदिर में युवक की अधजली लाश मिली थी। यह मामला अभी सुलझा ही नहीं है, कि पास के गांव गनियारी में एक और लाश मिल गई। इससे गांव के लोग दहशत में हैं।

Related Articles

Back to top button