छत्तीसगढ़

शराब पीने से रोकती थी पत्नी, गला दबाकर कर दी हत्या

बिलासपुर। तखतपुर क्षेत्र के साल्हेकापा में रहने वाला युवक आए दिन शराब पीता था। उसकी पत्नी शराब पीने पर टोका-टाकी करती थी। इसी बात को लेकर हुए विवाद में पति ने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी। सुबह उसने गांव वालों को पत्नी के फांसी लगाने की बात कही। महिला के मायके वालों को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार करने मरघट ले गए। गले में निशान देखकर गांव के कोटवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया। पीएम की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

तखतपुर क्षेत्र के साल्हेकापा में रहने वाला विरेंद्र निषाद किसान है। उसकी पत्नी कांति निषाद की 25 जून की रात मौत हो गई। सुबह उसने गांव वालों को बताया कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गांव वालों को उसने बताया कि 25 जून की रात वह शराब पीकर घर आया। शराब पीने के कारण उसकी पत्नी ने साथ सोने से मना कर दिया। वह सोफे पर सो गई। सुबह उसकी लाश फांसी के फंदे पर लटक रही थी।

वह कांति के मायके वालों को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था। मरघट में लोगों ने महिला के गले में निशान देखकर गांव के कोटवार को इसकी जानकारी दी। इस पर कोटवार ने मामले की सूचना तखतपुर थाने में दी। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया। इसकी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने विरेंद्र से पूछताछ की। कड़ाई करने पर वह टूट गया।

उसने बताया कि शराब की लत के कारण कांति और उसके बीच आए दिन विवाद होता था। 25 जून की रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान उसने अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Back to top button