भिलाई मे युवक ने लगाई फांसी कमरे में फंदे से लटकती मिली लाश पुलिस जांच में जुटी
By Dinesh chourasiya
भिलाई में एक एग्रीकल्चर के छात्र ने सुसाइड कर लिया। कातुलबोर्ड के साईं नगर स्थित घर के कमरे में 23 जुलाई को इंद्रप्रीत सिंह सैनी (26 साल) का शव फंदे से लटकता मिला। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
दरअसल इंद्रप्रीत भिलाई में रहकर एग्रीकल्चर का कोर्स कर रहा था। उनके पिता जनरल सिंह सैनी जगदलपुर में लोक निर्माण विभाग में SDO हैं, मां सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर पर वह अकेला था। आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।








मौत की खबर सुनकर मां बेसुध
इधर जैसे ही परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना मिली तो, पूरे परिवार में मातम छा गया। माता-पिता और छोटा भाई तुरंत जगदलपुर से भिलाई रवाना हुए। शाम तक वे साईं नगर स्थित घर पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां बेसुध हो गईं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि इंद्रप्रीत दो भाइयों में बड़ा था और वह शांत स्वभाव का था। किसी भी तरह की पारिवारिक या व्यक्तिगत परेशानी की जानकारी उन्हें नहीं थी। फिलहाल पुलिस मोबाइल फोन और अन्य व्यक्तिगत दस्तावेजों की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या की वजह का पता लगाया जा सके।





आगे की जांच कर रही पुलिस
पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि घटना की सूचना पर सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा किया। इसके बाद शव को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के मर्चुरी भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। फिलहाल किसी सुसाइड नोट की बरामदगी नहीं हुई है, जिससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सके।




