
बिलासपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जहां पेंड्रीडीह बायपास में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मार दिया। जिसके बाद ट्रेलर में अचानक आग लग गई। हादसे में ट्रेलर चालक की जलकर मौत हो गई।
घटना सुबह करीब 3 बजे के आसपास की बताई जा रही है। ट्रेलर चालक सीमेंट भरकर औरंगाबाद से बिहार जा रहा था तभी पेंड्रीडीह बायपास के कोपरा डेम के पास सामने खड़ी ट्रक से जा टकराया। जिससे अचानक ट्रेलर में सामने के हिस्से में आग लग गई। इस दौरान चालक शिवकुमार यादव ट्रेलर में ही फंस गया और उसकी आग की लपटों में घिर जाने से मौत हो गई।







बताया जा रहा है कि उस ट्रेलर में एक खलासी भी था जो हादसे के वक्त सो रहा था और जब घटना हुई तो वह बेहोश होकर गिर गया। जिससे वहां से गुजर रहे एक अन्य ट्रक चालक ने अपने साथ सुरक्षित स्थान पर ले गया।
इस मामले में सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतक चालक शिवकुमार यादव का शव बाहर निकालने का प्रयास किया। ट्रेलर के क्षतिग्रस्त हो जाने से युवक का शव बुरी तरह फंस गया था। गैस कटर से काटकर स्टेयरिंग में फंसे चालक के शरीर के अवशेष को बाहर निकाला गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।










