Uncategorized

CG में खाना मांगने पर विवाद, मां को पीट-पीटकर मार डाला:बेटे ने किया अधजली लकड़ी से हमला, बीच-बचाव करने आई बहन को भी पीटा

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के जशपुर में खाना मांगने की बात पर हुए विवाद में बेटे ने अपनी मां की अधजली लकड़ी से पीटकर हत्या कर दी। आरोपी शराब के नशे में देर रात घर पहुंचा था। मां ने उसे दिन का खाना निकालकर खाने को कहा तो वह गुस्से में आ गया।

उसने चूल्हे के पास पड़ी अधजली लकड़ी उठाकर मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार कर दिए। बीच-बचाव करने आई बहन को भी उसने डंडे से पीटा। गंभीर रूप से घायल मां की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली का है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

देर रात शराब पीकर घर पहुंचा, खाना मांगने पर हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका के पति सुरेंद्र मिंज 7 नवंबर की शाम डोडकाचौरा में एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने गए थे। घर पर उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर और बच्चे मौजूद थे।

रात करीब 11 से 12 बजे के बीच उनका बड़ा बेटा रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22) अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर घर पहुंचा। घर आते ही उसने खाना मांगा। इस पर मां ने दिन का खाना रखे होने की बात कहते हुए उसे निकालकर खाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

अधजले डंडे से मां पर किए कई वार

खाना देने की बात पर आरोपी इतना गुस्सा हो गया कि उसने चूल्हे के पास पड़ी अधजली लकड़ी का डंडा उठा लिया और मां पर हमला कर दिया। उसने मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। इससे महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी।

इस दौरान आरोपी की बहन भी घर में सो रही थी। मां को बचाने के लिए वह बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उसे भी डंडे से पीटा। इसके बाद वह अपने छोटे भाई के पास गया और खाना नहीं बचाने की बात पर उसे भी धमकाया। वारदात के बाद आरोपी घर से भागकर जुरगुम की ओर चला गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान मां की मौत

घटना के बाद घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से घायल वेनेदिक्ता मिंज को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया। वहां उनका इलाज चल रहा था।

8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे मृतका के पति सुरेंद्र मिंज को एक परिचित से घटना की जानकारी मिली। वह तुरंत अस्पताल पहुंचे और पत्नी से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह बेटी की दवाई लेने घर चले गए। जब वापस अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि गंभीर चोटों के कारण उनकी पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई है।

पति की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान हत्या का मामला दर्ज किया गया।

कॉलेज में बीकॉम का छात्र है आरोपी

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है। वह मनोरा के पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता है। 2-3 नवंबर को वह अपने घर गढ़ाटोली आया था।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गवाहों के सामने पूछताछ की। इस दौरान उसने 7 नवंबर की रात शराब पीकर घर आने और खाना नहीं मिलने की बात पर मां से विवाद होने के बाद अधजले डंडे से हमला करने की बात स्वीकार की।

आरोपी ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा उसने घटनास्थल पर ही छोड़ दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने डंडा जब्त कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी सबूत जुटाए और शव का पोस्टमार्टम कराया।

पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22), पिता सुरेंद्र मिंज, निवासी गढ़ाटोली जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

आरोपी को जेल भेजा गया

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सिटी कोतवाली क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

Related Articles

Back to top button