CG में फीकी रही डीएड और CAF कैंडिडेट्स की दीपावली:नौकरी की मांग को लेकर 326 दिनों से धरने पर बैठे, सरकार नहीं दे रही जवाब
By Dinesh chourasiya
किसी ने शिक्षक बनने का सपना देखा, तो किसी ने वर्दी पहनकर देश-प्रदेश की सेवा करने का। सालों की तैयारी और चयन के बाद भी नौकरी नहीं मिली। अब त्योहार भी परिवार के साथ नहीं, बल्कि धरना स्थल पर बीत रहे हैं। राजधानी के तूता धरना स्थल पर इस बार दिवाली दो ऐसे युवा समूहों के लिए फीकी रही, जो नौकरी की आस में लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं।
डीएड अभ्यर्थी 325 दिनों से 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं, वहीं छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) की भर्ती की वेटिंग लिस्ट में शामिल करीब 417 युवा 7 साल से नौकरी का इंतजार कर रहे हैं।







डीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद नियुक्ति की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है। दूसरी ओर, CAF के अभ्यर्थियों का कहना है कि 2018 में 1786 पदों पर भर्ती निकली थी। चयन प्रक्रिया के बाद करीब 417 युवा वेटिंग लिस्ट में रह गए, लेकिन सात साल बाद भी उन्हें नौकरी नहीं मिली।
उनका दावा है कि CAF में 3 हजार से ज्यादा पद खाली हैं। इसके बावजूद वे कभी सरकारी दफ्तरों तो कभी मंत्रियों के बंगलों के चक्कर काट रहे हैं।




त्योहार पर घर नहीं, धरना स्थल बना ठिकाना
दोनों आंदोलनों से जुड़े युवाओं के लिए नौकरी का इंतजार अब आर्थिक परेशानी और मानसिक तनाव में बदल रहा है। डीएड अभ्यर्थी पिछले 325 दिनों से तूता में डटे हैं, जबकि CAF की वेटिंग लिस्ट वाले युवा भी पिछले साल सितंबर से इसी धरना स्थल पर आंदोलन कर रहे हैं।
कई परिवार भी अपने बच्चों के भविष्य की चिंता में उनके साथ खड़े हैं। दिवाली पर जब घरों में दीप जले और परिवारों ने खुशियां मनाईं, तब ये युवा अपनी मांगों के साथ धरना स्थल पर बैठे रहे।
सरकार से एक ही सवाल, कब मिलेगी नियुक्ति
डीएड अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से 2300 पदों पर पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति और समय-सीमा घोषित करने की मांग की है। वहीं CAF के वेटिंग लिस्ट वाले युवा खाली पदों पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। दोनों समूहों के आंदोलन का दर्द एक ही है, सालों की मेहनत और इंतजार के बाद भी हाथ में नौकरी नहीं





