
केंद्र सरकार ने दही, पनीर में जीएसटी लगाकर लोगों का जीना दूभर कर दिया, हम गौमूत्र से कीटनाशक दवाई बनाएंगे- CM भूपेश
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने दही-पनीर तक पर जीएसटी लगा दिया है। ये चीजें रोज के इस्तेमाल की हैं। हर चीज में जीएसटी लगा दिया गया है, इतनी महंगाई बढ़ गई है कि लोगों का जीना दूभर हो गया है।
बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर के व्यावसायिक परिसर में आयोजित डॉ खूबचंद बघेल की जयंती में शामिल होने पहुंचे थे। सीएम ने डॉ. बघेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार आम जनता की जेब में पैसा डालने का काम कर रही है। गोधन न्याय योजना हो, चाहे भूमिहीन श्रमिक न्याय योजना हो या फिर राजीव गांधी किसान न्याय योजना हो। वह आम जनता की जेब में पैसा डालने का काम कर रही है।







लेकिन केंद्र सरकार है जो इस जुगत में रहती है कि कैसे भी करके आम आदमी की जेब से पैसा निकाले। वह पेट्रोल-डीजल का दाम बढ़ाकर हो, रसोई गैस और खाद के दाम बढ़ाकर हो। अब तो पनीर में, दही में और घर में रोज उपयोग में आने वाले पता नहीं किन-किन सामानों में जीएसटी लगा रही है। होटल में लगा दिए हैं। हर चीज में जीएसटी लगा दिए हैं। लोगों का जीना दूभर कर दिया है, इतनी महंगाई बढ़ा दी है।
वहीं सीएम भूपेश ने हरेली पर गौमूत्र खरीदी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि बहुत से लोग जैविक खेती करना चाहते हैं। वे रासायनिक पेस्टिसाइड का उपयोग नहीं करना चाहते हैं। ऐसे लोगों के लिए हम गौमूत्र से कीटनाशक दवाई भी बनाएंगे ताकि जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा सकें।








