छत्तीसगढ़देश-विदेश

राष्ट्रपति चुनाव: छत्तीसगढ़ में समय से पहले हुई 100 फीसद वोटिंग, मतपेटी को किया सील…

रायपुर: भारत के 16वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ में भी मतदान किया गया। इसके लिए छत्तीसगढ़ विधानसभा में बूथ बनाया गया था। राष्ट्रपति चुनाव में वोटिंग के लिए शाम 5 बजे तक का समय निर्धािरत किया गया था, लेकिन यहां समय से पहले ही 100 फीसद वोटिंग पूरी हो गई।

बता दें कि चुनाव की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू हुई। सबसे पहले बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने वोट डाला। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव समेत कांग्रेस के 71 विधायकों, बीजेपी के 14 और जोगी कांग्रेस-बसपा के सभी 5 विधायकों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। शतप्रतिशत वोटिंग होने के बाद मतपेटी को सील कर दिया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक मतपेटी आज रात की फ्लाइट से दिल्ली रवाना की जाएगी। इससे पहले राष्ट्रपति चुनाव के लिए आई मतपेटी को विधानसभा के समिति कक्ष 2 में बने मतदान केंद्र तक पहुंचाया गया। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पी. दयानंद की मौजूदगी में निर्वाचन अधिकारियों ने सुबह स्ट्रांग रूम से मतपेटी को पूरी सुरक्षा के बीच निकालकर मतदान केंद्र तक पहुंचाया। इस दौरान कांग्रेस विधायक मोहित केरकेट्टा और भाजपा के विधायक डॉ. कृष्ण मूर्ति बांधी उम्मीदवारों के एजेंट के रूप में मौजूद रहे।

विधायक मोहित केरकेट्टा और डॉ. कृष्ण मूर्ति बांधी को पहले मतपेटी को बक्से से निकालकर खाली होने की पुष्टि के लिए दिखाया गया। इसके बाद निर्वाचन अधिकारियों द्वारा मतपेटी को टैग और फ्लैग लगा कर सील किया गया। इसके पहले दोनों उपस्थित विधायकों और निर्वाचन अधिकारियों ने मतपेटी के सीलिंग टैग पर हस्ताक्षर भी किए।

Related Articles

Back to top button